दरभंगा में वन-वे तोड़ा तो सीधा चालान शाम तक ₹90 हजार का चालान, ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई

- वन-वे उल्लंघन पर ₹1000 का ऑनलाइन जुर्माना
- नाका नंबर-6, लोहिया चौक और कर्पूरी चौक पर विशेष चेकिंग
- MVI–परिवहन–यातायात–थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा – दरभंगा शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और रोजाना लगने वाले सड़क जाम से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने वन-वे यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सख्त कर दिया है। अब नियम तोड़ने वालों पर बिना किसी चेतावनी के सीधी कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को नाका नंबर-6 यातायात थाना सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां वन-वे का उल्लंघन करने वाले मोटरसाइकिल चालकों पर सीधे ₹1000 का ऑनलाइन चालान किया गया।
नाका नंबर-6 पर जैसे ही चेकिंग शुरू हुई, पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गलत दिशा से आने वाले वाहन चालकों को तुरंत रोका गया और मौके पर ही ऑनलाइन चालान काटकर रसीद थमा दी गई। पुलिस की सख्ती देखकर कई वाहन चालक रास्ता बदलते और वैकल्पिक मार्गों से जाते नजर आए।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि नाका नंबर-6 से लोहिया चौक, लहेरियासराय की ओर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसी तरह कर्पूरी चौक से लहेरियासराय टावर तक भी वन-वे लागू है। इन मार्गों पर यदि कोई भी मोटरसाइकिल या अन्य वाहन पकड़ा गया तो उस पर ₹1000 का जुर्माना तय है।
वन-वे मार्गों पर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जा रहा है।
इस विशेष वाहन चेकिंग अभियान में एमवीआई (MVI) सतीश कुमार, प्रवर्तन अवर निरीक्षक (परिवहन विभाग) कोमल कुमारी, सीएसआई ज्योति कुमारी के साथ लहेरियासराय थाना एवं यातायात थाना के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने संयुक्त रूप से सख्ती के साथ जांच अभियान को अंजाम दिया।
ट्रैफिक डीएसपी दरभंगा श्री प्रकाश कुमार ने मीडिया को बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश के तहत शहर की उन प्रमुख सड़कों पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की गई है, जहां आए दिन गंभीर जाम की स्थिति बन जाती थी। उन्होंने कहा कि वन-वे लागू होने के बाद यातायात व्यवस्था में स्पष्ट सुधार देखने को मिल रहा है और आम लोगों को जाम से काफी हद तक राहत मिली है।
उन्होंने आगे बताया कि इस अभियान के तहत देर शाम तक यातायात थाना द्वारा कुल ₹90,000 का ऑनलाइन चालान काटा जा चुका है। ट्रैफिक डीएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और वन-वे या अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सही दिशा में वाहन चलाएं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
दरभंगा ट्रैफिक, वनवे कार्रवाई, नाका नंबर 6, कर्पूरी चौक, लहेरियासराय ट्रैफिक, यातायात पुलिस, एमवीआई सतीश कुमार
#Darbhanga #OneWayTraffic #TrafficAction #Laheriasarai #KarpuriChowk #BiharNews #RxTvBharat


