दरभंगा में चार नई श्रम संहिताओं पर प्रशिक्षण, श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा की दी गई जानकारी
विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों को मिले सांकेतिक चेक, बाल श्रम नहीं कराने की दिलाई गई शपथ
दरभंगा, 12 नवंबर। श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से गुरुवार को दरभंगा में चार नई श्रम संहिताओं पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल की उपस्थिति में उप श्रमायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों, कामगारों और श्रमिक संघ के सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, उप श्रमायुक्त श्री राकेश रंजन और श्रम अधीक्षक श्री दिनेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए चारों श्रम संहिताओं के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से उद्योगों के नियोजकों, प्रतिनिधियों और कामगारों को इन संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों से अवगत कराया जाएगा।
उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल ने नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही मुख्यमंत्री के सात निश्चय कार्यक्रम की भी जानकारी दी।
लाभुकों के बीच योजनाओं के सांकेतिक चेक वितरित
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त और उप श्रमायुक्त ने विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच सांकेतिक चेक वितरित किए। निशा कुमारी को पति की मृत्यु के बाद कर्मचारी प्रतिकर राशि दी गई। विमुक्त बाल श्रमिक रमेश कुमार और चंदन कुमार को तत्काल आर्थिक सहायता एवं मुख्यमंत्री सहायता राशि प्रदान की गई।

इसी तरह राजेश दास और उमेश दास को साइकिल क्रय अनुदान, मो. साजिद को भवन मरम्मति अनुदान तथा निरंजन कुमार को पितृत्व लाभ का सांकेतिक चेक दिया गया। बैजनाथ राय और लक्ष्मण राम को नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं राजकुमार दास, कैलाश दास, लुखिया देवी, आनंदी देवी और लक्ष्मण राम को विवाह सहायता अनुदान के सांकेतिक चेक वितरित किए गए।
चार श्रम संहिताओं के प्रावधानों पर विस्तार से प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र में चार प्रमुख श्रम संहिताओं के प्रावधानों की जानकारी दी गई। इनमें वेतन संहिता, 2019, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशा संहिता, 2020 शामिल हैं।

ईपीएफओ (केंद्रीय), दरभंगा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार ने कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए भविष्य निधि, पेंशन और बीमा के लाभ समझाए। उन्होंने उमंग और यूनिफाइड पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी बताया।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री अमित कुमार ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित पात्रता के अनुसार कामगारों को चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना की स्थिति में उपचार, मुआवजा और पेंशन से संबंधित लाभ उपलब्ध कराए जाते हैं।

कारखाना निरीक्षक श्री मनुज कुमार ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रम संहिताओं के अनुपालन, कामगारों के अधिकार और कार्यस्थल की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
मास्टर प्रशिक्षक एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सिंहवाड़ा श्री मनीष कुमार ने वेतन संहिता, 2019 के प्रावधानों को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को चार व्यापक श्रम संहिताओं में समाहित किया गया है। इसका उद्देश्य श्रमिकों को उचित वेतन, बोनस, उपादान और अन्य सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, जयनगर (मधुबनी) ने सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के तहत भविष्य निधि, पेंशन, कर्मचारी बीमा, ग्रेच्युटी, मातृत्व लाभ और रोजगार संबंधी चोट के प्रतिकर सहित असंगठित, गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों के लिए उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी दी।

वहीं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, विद्यापतिनगर ने औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 के तहत शिकायत निवारण समिति, कार्य समिति, सेवा नियम, सेवा शर्तों में बदलाव और नियत अवधि के श्रमिकों के अधिकारों के बारे में बताया। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, बेनीपुर ने व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशा संहिता, 2020 के तहत कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, कल्याणकारी सुविधाओं और नियोजकों की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया।
श्रमिकों से अधिकारों का लाभ उठाने की अपील
श्रमिक संघ के प्रतिनिधि श्री मिथिलेश्वर सिंह ने नई श्रम संहिताओं के तहत श्रमिकों को मिलने वाले अधिकारों और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी कामगारों से इन प्रावधानों को समझने और उनका समुचित लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में अशोका ग्रुप, बेला के श्री शंभु कुमार झा, पारस हेल्थकेयर के श्री विकास कुमार, अहलुवालिया कॉन्ट्रैक्टर इंडिया लिमिटेड के श्री नीरज कुमार सिंह, रामेश्वर जूट मिल के श्री पी.एन. सिंह, यूनिकॉर्न स्नैक्स, दोनार औद्योगिक क्षेत्र के श्री प्रमोद कुमार, सेफ हैंड प्रोडक्ट प्रा. लि. के श्री जगन्नाथ झा तथा मिथिला फ्लावर मिल के श्री घनश्याम कुमार सहित विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को चारों नई श्रम संहिताओं से संबंधित पुस्तिका उपलब्ध कराई गई। साथ ही बाल श्रमिकों को नियोजित नहीं करने की शपथ दिलाई गई और प्रतिभागियों से हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर भी कराए गए। मौके पर विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, श्रम विभाग के कर्मी, कामगार और श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
RxTv BHARAT
दरभंगा और बिहार की ताजा खबरों से जुड़े रहने के लिए हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें।





