दरभंगा में होली और रमजान को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च
संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज, ड्रोन-CCTV निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
RxTv BHARAT | दरभंगा | 02 मार्च 2026
▪ होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
▪ सोशल मीडिया, ड्रोन व CCTV से 24 घंटे निगरानी
▪ अफवाह/उपद्रव फैलाने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई
होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में है।
जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से निकलकर प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। साथ ही होलिका दहन के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था की मजबूती सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्थानों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपद्रव फैलाने या माहौल खराब करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों को चेतावनी दी कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। दोनों पर्वों को गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई है।




