दरभंगा में गैस की कोई कमी नहीं: एक दिन में 12,741 सिलेंडर वितरण
20 मार्च को 24,955 सिलेंडर वितरण की तैयारी, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!RxTv BHARAT | दरभंगा | 19 मार्च 2026
● 13,243 सिलेंडर गोदाम में शेष
● 20 मार्च को 24,955 सिलेंडर वितरण की संभावना
● कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
समाहरणालय, दरभंगा के जिला जन संपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आज प्रेस क्लब दरभंगा में उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि 19 मार्च 2026 को जिले में 12,741 से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 13,243 सिलेंडर विभिन्न एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं। साथ ही 20 मार्च को 11,712 नए सिलेंडर आने की संभावना है और कुल 24,955 सिलेंडरों के वितरण की तैयारी की गई है।
उन्होंने बताया कि गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा भी जारी है, जिससे उपभोक्ताओं को सीधे उनके घर तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उपनिदेशक जनसंपर्क ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिन तथा शहरी क्षेत्रों में 25 दिन निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में आकर अनावश्यक गैस बुकिंग न करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिलाधिकारी दरभंगा ने कालाबाजारी एवं मुनाफाखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी गैस एजेंसियों को अपने भंडारण की जानकारी सूचना पट पर पारदर्शी तरीके से प्रदर्शित करने का आदेश दिया गया है। कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।
यदि किसी उपभोक्ता को गैस से संबंधित शिकायत दर्ज करनी हो तो वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक 348 से अधिक शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।
📢 RxTv BHARAT WhatsApp चैनल से जुड़ें





