प्रजापति समाज की एकजुटता का संदेश, जाले में बैठक व छात्र सम्मान समारोह आयोजित
10वीं-12वीं के मेधावी छात्रों का सम्मान, नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन
RxTv BHARAT | दरभंगा (जाले) | 29 मार्च 2026
● मैट्रिक व इंटर के मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
● प्रजापति भवन निर्माण व सामाजिक मुद्दों पर चर्चा
● जाले प्रखंड में नई कार्यकारिणी का गठन
दरभंगा के जाले प्रखंड अंतर्गत राढी सौरिया गांव में बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति द्वारा समाज की एकजुटता और विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में सामाजिक एकजुटता, संगठन विस्तार और आगामी पंचायत चुनावों में सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही दरभंगा मुख्यालय में ‘प्रजापति भवन’ के निर्माण को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ, ताकि समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक स्थायी केंद्र स्थापित किया जा सके।
कार्यक्रम में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैट्रिक और इंटरमीडिएट में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्रों में रितु कुमारी, शिल्पा कुमारी, राजा पंडित और अर्जुन पंडित शामिल रहे।
इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पाग और चादर भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्यों और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
बैठक के दौरान जाले प्रखंड में नई कार्यकारिणी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया जिला अध्यक्ष रमेश कुमार पंडित, जिला कोषाध्यक्ष उत्तम पंडित एवं उप-सचिव शंभू पंडित की देखरेख में संपन्न हुई।
नवगठित कार्यकारिणी में नन्द किशोर पंडित को प्रखंड अध्यक्ष, कौशल कुमार पंडित को सचिव, विष्णु देव पंडित को कोषाध्यक्ष, पवन पंडित को उपाध्यक्ष, लक्ष्मी नारायण पंडित को उपसचिव तथा संजय पंडित को उप कोषाध्यक्ष बनाया गया।
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महेन्द्र नारायण पंडित, मुन्ना पंडित, सदेव पंडित, अरुण पंडित, प्रमोद पंडित, सुरेन्द्र पंडित, सुबोध पंडित, चन्द्रकांत पंडित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।




