RxTv BHARAT
केवल सच की बात
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!BIHAR NATIONAL TRUSTED NEWS NETWORK
हराही, गंगासागर और दिग्घी तालाबों के सौंदर्यीकरण का DM ने किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश
दरभंगा। दरभंगा शहर के तीन प्रमुख जलस्रोतों हराही पोखर, गंगासागर तालाब और दिग्घी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने हराही पोखर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चल रहे बोल्डर पिचिंग कार्य, निर्माण की गुणवत्ता और कार्य प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बुडको के परियोजना निदेशक अभय कुमार तथा निर्माण एजेंसी से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए तथा किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हराही, गंगासागर और दिग्घी तालाब का सौंदर्यीकरण केवल शहर को सुंदर बनाने की योजना नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने बताया कि तीनों तालाबों को जोड़ने वाली योजना का टेंडर अंतिम रूप से पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि पहले कई नालों का गंदा पानी सीधे तालाबों में गिरता था, लेकिन अब बुडको द्वारा बनाए जा रहे नए नाले के माध्यम से उस पानी को इंटरसेप्ट किया जाएगा, जिससे गंदा पानी तालाबों तक नहीं पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि तीनों तालाबों के चारों ओर अतिक्रमण की पहचान की गई है। पहले अतिक्रमण हटाया जाएगा, उसके बाद दोबारा सीमांकन कराया जाएगा। कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीन नहीं पहुंच पाने के कारण मैन्युअल तरीके से अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया में समय लगेगा, लेकिन पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

हराही पोखर के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार वहां अतिक्रमण नहीं है, लेकिन निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर संभावित अतिक्रमण दिखाई दिया, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गंगासागर तालाब में अस्पताल का कचरा गिरने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस मामले की भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि तालाबों को स्वच्छ और सुरक्षित रखना परियोजना की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सौंदर्यीकरण योजना के तहत तालाबों के किनारों पर स्टोन पिचिंग कर स्लोप को मजबूत किया जा रहा है ताकि कटाव रोका जा सके। इसके अलावा घाट, कैफेटेरिया, पार्किंग, जेटी, गज़ेबो, वॉक-वे तथा स्ट्रीट लाइट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे ये स्थल पर्यटन और नागरिक उपयोग के लिए अधिक आकर्षक बन सकें।
सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर जिलाधिकारी ने बताया कि स्लोप स्टेबलाइजेशन के लिए प्रस्तावित सीमित क्षेत्र में मिट्टी भरने का कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। हालांकि, सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए स्टोन पिचिंग, पार्किंग, कैफेटेरिया और अन्य स्वीकृत कार्य जारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि तीनों तालाबों को जोड़ने की योजना का टेंडर पूरा हो चुका है, लेकिन वर्तमान सौंदर्यीकरण कार्य एवं भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। कुछ रैयती भूमि का भू-अर्जन भी प्रस्तावित है, जिसके बाद परियोजना अगले चरण में जाएगी।

अन्य तालाबों पर अतिक्रमण के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता हराही, गंगासागर और दिग्घी तालाब को अतिक्रमण मुक्त कर उनका सौंदर्यीकरण पूरा करना है। इसके बाद शहर के अन्य जलस्रोतों पर भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य बातें
- DM कौशल कुमार ने हराही पोखर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
- हराही, गंगासागर और दिग्घी तालाबों को जोड़ने की योजना का टेंडर पूरा।
- गंदे नालों का पानी अब इंटरसेप्ट कर तालाबों में जाने से रोका जाएगा।
- अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा सीमांकन कराया जाएगा।
- घाट, पार्किंग, कैफेटेरिया, वॉक-वे, जेटी, गज़ेबो और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं विकसित होंगी।
- गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश।
📰 सम्बन्धित खबर
📲 RxTv BHARAT WhatsApp Group से जुड़ें
दरभंगा, बिहार और देश की ताज़ा एवं विश्वसनीय खबरें सबसे पहले पाने के लिए हमारे आधिकारिक WhatsApp Group से जुड़ें।
RxTv BHARAT
केवल सच की बात
© 2026 RxTv BHARAT | All Rights Reserved
(RxtvNews / RxTv Bharat | Reg. No. BR100048098)
के Owner द्वारा अधिकृत है। संपादक, ब्यूरो चीफ, स्ट्रिंगर, रिपोर्टर 📞 Mobile: 9472867520 | 🌐 Website: www.rxtvbharat.com दुरुपयोग की स्थिति में व्यक्तिगत उत्तरदायित्व होगा।





