RxTv BHARAT
केवल सच की बात
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!BIHAR NATIONAL TRUSTED NEWS NETWORK
दरभंगा में पीआईबी की क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्ता” आयोजित, डीएम बोले- “हर घर तिरंगा” केवल अभियान नहीं, राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का महापर्व
दरभंगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की प्रमुख मीडिया इकाई पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), पटना द्वारा दरभंगा जिला समाहरणालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर परिसर में “हर घर तिरंगा” विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्ता” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा मीडिया की सहभागिता सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कौशल कुमार, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट राजेंद्र कुमार, साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक, पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) के विभागीय कलाकार डॉ. शिप्रा एवं श्री मनीष खंडेलवाल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद “वतन के तिरंगे को झुकने ना देना” सहित देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित पत्रकारों, अधिकारियों एवं अतिथियों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख ने “हर घर तिरंगा” अभियान की अवधारणा एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि अभियान के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, जनभागीदारी और राष्ट्रीय गौरव का महापर्व है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करनी चाहिए। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि एवं एसएसबी कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि एसएसबी द्वारा 09 अगस्त से 17 अगस्त तक सभी सीमा चौकियों पर “हर घर तिरंगा” अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच तिरंगे का वितरण, जागरूकता कार्यक्रम तथा देशभक्ति आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं राष्ट्रहित में पत्रकारिता करने की अपील भी की।
साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक ने अपने संबोधन की शुरुआत मैथिली भाषा से करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा” सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज में जनजागरूकता का सबसे प्रभावी माध्यम हैं और ऐसे अभियानों को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में पीआईबी पटना के मीडिया एग्जीक्यूटिव संदीप कपूर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पीआईबी की कार्यप्रणाली, मीडिया सेवाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और फैक्ट चेक तंत्र की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीडिया सत्यापित सूचनाओं के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित वन-टू-वन प्रश्नोत्तर सत्र में पत्रकारों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर “हर घर तिरंगा” अभियान एवं मीडिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछे। यह सत्र काफी संवादात्मक एवं उपयोगी रहा।
समापन सत्र में प्रतिभागियों ने कार्यशाला की उपयोगिता, आयोजन एवं सुझावों से संबंधित अपना लिखित फीडबैक पीआईबी को सौंपा। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो, दरभंगा के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा ने किया। इस अवसर पर पीआईबी पटना के सूचना सहायक उत्पल कांत, ज्ञान प्रकाश सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य बातें
- पीआईबी पटना द्वारा दरभंगा में “हर घर तिरंगा” विषय पर क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्ता” आयोजित।
- डीएम कौशल कुमार एवं एसएसबी कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
- डीएम ने कहा- “हर घर तिरंगा” राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का महापर्व है।
- 09 से 17 अगस्त तक एसएसबी सभी सीमा चौकियों पर विशेष अभियान चलाएगी।
- पीआईबी ने मीडिया सेवाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और फैक्ट चेक तंत्र की जानकारी दी।
- पत्रकारों के साथ प्रश्नोत्तर एवं फीडबैक सत्र भी आयोजित किया गया।
📰 सम्बन्धित खबर
📲 RxTv BHARAT WhatsApp Group से जुड़ें
दरभंगा, बिहार और देश की ताज़ा एवं विश्वसनीय खबरें सबसे पहले पाने के लिए हमारे आधिकारिक WhatsApp Group से जुड़ें।
RxTv BHARAT
केवल सच की बात
© 2026 RxTv BHARAT | All Rights Reserved
(RxtvNews / RxTv Bharat | Reg. No. BR100048098)
के Owner द्वारा अधिकृत है। संपादक, ब्यूरो चीफ, स्ट्रिंगर, रिपोर्टर 📞 Mobile: 9472867520 | 🌐 Website: www.rxtvbharat.com दुरुपयोग की स्थिति में व्यक्तिगत उत्तरदायित्व होगा।





