Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
दरभंगा, 16 सितंबर 2026। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में सेवा संकल्प अभियान के सफल एवं व्यापक आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने की।

बैठक में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी, दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, नगर दरभंगा के विधायक संजय सरावगी, राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशिला गुप्ता, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल, गौड़ाबौराम विधायक सुजीत कुमार, विधान पार्षद हरि सहनी, जिला परिषद अध्यक्ष, जिलाधिकारी कौशल कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर की गई तैयारियों की बिंदुवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे राज्य में आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जनप्रतिनिधियों और बीस सूत्री सदस्यों की भागीदारी पर जोर
बैठक में निर्देश दिया गया कि जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रखंड एवं जिला स्तर के बीस सूत्री सदस्यों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

प्रभारी मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा इसमें अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों और विभिन्न गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया।
स्कूलों में होंगी रचनात्मक गतिविधियां
नगर विधायक संजय सरावगी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय स्तर पर सेवा संकल्प अभियान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्कूलों में चित्रांकन, भाषण प्रतियोगिता सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कराने का सुझाव दिया। साथ ही प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र देने की बात भी कही।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित कराने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, डीपीएम जीविका को व्यापक स्तर पर जीविका दीदियों को इस कार्यक्रम से जोड़ने तथा उनके माध्यम से दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही दीप जलाकर सेल्फी लेने और उसे पोस्ट करने का भी निर्देश दिया गया।
पोलो मैदान में होगा जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पोलो मैदान, लहेरियासराय में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
सरकारी योजनाओं के लाभुकों को जोड़ने का सुझाव

दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को भी शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, पीएम किसान योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अभियान के सफल आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए। संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सहायक कलेक्टर कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल सहित जिला स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
📌 मुख्य बातें
- सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
- दरभंगा में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पोलो मैदान, लहेरियासराय में होगा।
- जनप्रतिनिधियों और बीस सूत्री सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर।
- विद्यालयों में चित्रांकन, भाषण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां होंगी।
- आंगनबाड़ी केंद्रों और जीविका दीदियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
- सरकारी योजनाओं के लाभुकों को अभियान में शामिल करने का सुझाव दिया गया।
📰 संबंधित खबरें
(RxtvNews / RxTv Bharat | Reg. No. BR100048098)
के Owner द्वारा अधिकृत है। संपादक, ब्यूरो चीफ, स्ट्रिंगर, रिपोर्टर 📞 Mobile: 9472867520 | 🌐 Website: www.rxtvbharat.com दुरुपयोग की स्थिति में व्यक्तिगत उत्तरदायित्व होगा।





