सी. एम. साइंस कॉलेज के दो स्वयंसेवक शीर्ष 20 में चयनित
दरभंगा : बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पटना द्वारा प्रायोजित एवं राष्ट्रीय सेवा योजना, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा द्वारा आयोजित चौथे युवा आपदा मित्र आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 16 से 22 सितंबर 2026 तक जुबिली हॉल, दरभंगा में किया गया। इस सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिला के कुल 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान सी. एम. साइंस कॉलेज, दरभंगा के दो स्वयंसेवकों प्रतिभा रानी एवं संजीत कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 20 प्रतिभागियों में अपना स्थान बनाने में कामयाबी हासिल की। दोनों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने दोनों स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन से संबंधित इस प्रकार के प्रशिक्षण से युवाओं में आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए आवश्यक सैद्धान्तिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल विकसित होता है। प्रशिक्षित युवा आपदा की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार और समाज की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के स्वयंसेवकों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी सामाजिक सेवा और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय रूप से आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।
महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. युगेश्वर साह ने कहा कि युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आपदा की स्थिति में राहत, बचाव, प्राथमिक उपचार तथा आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, नेतृत्व, सामूहिक कार्य, प्राथमिक उपचार तथा विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक कौशल सीखे। उन्होंने कहा कि प्रतिभा रानी एवं संजीत कुमार ने अपनी लगन, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता के बल पर शीर्ष 20 में स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि सी. एम. साइंस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के लिए गर्व का विषय है।
📌 मुख्य बातें
- चौथे युवा आपदा मित्र आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 16 से 22 सितंबर 2026 तक हुआ।
- शिविर में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिला के कुल 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
- सी. एम. साइंस कॉलेज के प्रतिभा रानी एवं संजीत कुमार शीर्ष 20 प्रतिभागियों में चयनित हुए।
- प्रशिक्षण में राहत, बचाव, प्राथमिक उपचार तथा आवश्यक सहायता से जुड़े कौशल विकसित किए गए।
- महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने दोनों स्वयंसेवकों को बधाई दी।
- राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. युगेश्वर साह ने उपलब्धि को गर्व का विषय बताया।
📰 संबंधित खबरें
🔗 पंचायत विकास योजना को लेकर दरभंगा में एक दिवसीय प्रशिक्षण
🔗 दरभंगा में ग्रामीण चिकित्सकों का प्रशिक्षण, प्राथमिक उपचार पर जोर
🔗 नजदीकी विद्यालय में नामांकन की मांग को लेकर डीएम के जनता दरबार पहुंचा आवेदन






