विद्यार्थी सहयोग शिविर में छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, जिला कल्याण पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन
दरभंगा, 22 सितंबर 2026। सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, मोगलपुरा, दरभंगा सहित जिले के अन्य विद्यालयों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कल्याण पदाधिकारी दरभंगा श्री संजय कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कल्याण पदाधिकारी एवं छात्रावास के छात्र द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को किया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सही दिशा में करें। विद्यार्थी सहयोग शिविर बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं किसी भी समय विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्या के संबंध में आवेदन कर सकते हैं। बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को गांव से दूर बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद के साथ भेजते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को अपने माता-पिता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करना चाहिए।
शैक्षणिक समस्याओं की भी दर्ज होगी शिकायत
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा जिन शैक्षणिक समस्याओं की शिकायत की जा सकती है, उनमें समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, प्राध्यापकों/शिक्षकों का समय पर कक्षा में नहीं पहुंचना अथवा अनुपस्थित रहना, समय पर परीक्षा का संचालन नहीं होना, परीक्षाफल का समय पर प्रकाशन नहीं होना तथा अनाधिकृत फीस/शुल्क की वसूली जैसी समस्याएं शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त कक्षाओं में बिजली, बैठने की व्यवस्था एवं प्रयोगशालाओं की समुचित व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को भी पोर्टल एवं विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से दर्ज कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कॉलेज एवं विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों को भी संबंधित स्तर पर रखा जा सकता है, ताकि उनका नियमानुसार समाधान कराया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा उन्हें अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी, छात्रावास के कर्मी एवं छात्र उपस्थित थे।
📌 मुख्य बातें
- विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, मोगलपुरा सहित जिले के अन्य विद्यालयों में हुआ।
- कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कल्याण पदाधिकारी श्री संजय कुमार ने की।
- प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को शिविर आयोजित करने की बात कही गई।
- विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी समस्याएं दर्ज कराने की सुविधा बताई गई।
- शैक्षणिक, बिजली, बैठने, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
- पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याएं एवं सुझाव सुने।






