भ्रष्टाचार मुक्त विश्वविद्यालय समेत 15 सूत्री मांगों पर होगा LNMU घेराव
24 सितंबर को प्रस्तावित “LNMU घेराव” आंदोलन को लेकर मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) द्वारा मंगलवार को LNMU धरना स्थल पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में व्याप्त कुव्यवस्था, अनियमितता, भ्रष्टाचार तथा छात्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर संगठन की 15 सूत्री मांगों को प्रमुखता से रखा गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
MSU के छात्र नेताओ ने कहा कि विश्वविद्यालय लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य का केंद्र है। ऐसे में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतों के लिए 112 आपातकालीन सेवा की तर्ज पर एक पारदर्शी शिकायत प्रणाली लागू की जाए, जिसमें शिकायत दर्ज होते ही शिकायतकर्ता को एक विशिष्ट Complaint Number मिले।
उन्होंने मांग की कि शिकायत दर्ज होने के बाद उसका स्टेटस OPEN रखा जाए और जब तक संबंधित मामले की उचित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई पूरी न हो, उसे CLOSED नहीं किया जाए। शिकायत पर 72 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित हो तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई की स्थिति की जानकारी दी जाए। उचित निस्तारण के बाद ही शिकायत को बंद किया जाए।
प्रेस वार्ता में MSU ने छात्र संघ चुनाव अविलंब कराने, LNMU को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने की पहल करने, LAW में सीटें बढ़ाने, डिस्टेंस एजुकेशन शुरू करने, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के नाम तथा साइन बोर्डों को मिथिलाक्षर में करने, परिसर को दलालों से मुक्त करने और बंद छात्रावासों को पुनः संचालित करने की मांग रखी।
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय एवं शुद्ध पेयजल, ई-लाइब्रेरी, डिजिटल बोर्ड, वर्चुअल क्लासरूम, Wi-Fi एवं स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराने, रिक्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों पर नियुक्ति करने तथा सरकारी एवं मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों में शुल्क में समानता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

MSU ने PG नामांकन में प्रवेश परीक्षा आयोजित करने, विषय परिवर्तन का अवसर देने, परीक्षा एवं परिणाम समय पर जारी करने, नियमित वर्ग संचालन सुनिश्चित करने, MLS सरिसब कॉलेज में कॉमर्स की पढ़ाई शुरू कराने तथा प्रत्येक महाविद्यालय में छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग कॉमन रूम की व्यवस्था करने की मांग की। विशेष रूप से J.K. College, Biraul में कॉमन रूम की व्यवस्था अविलंब कराने की मांग रखी गई।
MSU ने यह भी कहा कि कुलपति लाखों छात्र-छात्राओं के अभिभावक होते हैं, ऐसे में विश्वविद्यालय का संचालन आवास से किए जाने के बजाय विश्वविद्यालय परिसर से नियमित एवं पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से किया जाना चाहिए।
संगठन ने स्पष्ट किया कि इन मांगों को लेकर 24 सितंबर को LNMU घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। MSU का कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य विश्वविद्यालय में जवाबदेही, पारदर्शिता और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाना है।
प्रेस वार्ता में MSU के राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्या भूषण, उदय नारायण, विश्वविद्यालय अध्यक्ष गौतम झा, वरिष्ठ छात्र नेता अमन सक्सेना, रचना झा,विवि संगठन मंत्री आशीष देव,जिला संगठन मंत्री नारायण मिश्रा, मो. सेराज, गोपाल भगत, सत्यम, पिंटू, गोपाल ठाकुर सहित दर्जनों छात्र एवं संगठन के साथी उपस्थित रहे।
📌 मुख्य बातें
- 24 सितंबर को प्रस्तावित LNMU घेराव को लेकर MSU ने प्रेस वार्ता की।
- विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों से जुड़ी समस्याओं को लेकर 15 सूत्री मांगें रखी गईं।
- छात्र शिकायतों के लिए Complaint Number और पारदर्शी शिकायत प्रणाली की मांग।
- छात्र संघ चुनाव, केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा, LAW में सीटें बढ़ाने और डिस्टेंस एजुकेशन की मांग।
- ई-लाइब्रेरी, डिजिटल बोर्ड, वर्चुअल क्लासरूम, Wi-Fi एवं स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं की मांग।
- PG नामांकन में प्रवेश परीक्षा, समय पर परीक्षा-परिणाम और नियमित वर्ग संचालन की मांग।
- MSU ने विश्वविद्यालय का संचालन आवास के बजाय विश्वविद्यालय परिसर से करने की मांग रखी।





