दरभंगा में 31 जनवरी को भूमि सुधार जनकल्याण संवाद
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सुनेंगे आमलोगों की समस्या
✍️ रिपोर्ट : RxTv BHARAT | दरभंगा
ऑडिटोरियम सह आर्ट गैलरी, लहेरियासराय में पहली पाली में जनता से संवाद, दूसरी पाली में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ राजस्व कार्यों की होगी समीक्षा
RxTv BHARAT :
आम लोगों को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी सेवाएं तय समय सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 जनवरी 2026 को दरभंगा में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम ऑडिटोरियम सह प्रेक्षागृह, लहेरियासराय, दरभंगा में होगा, जिसकी अध्यक्षता माननीय उपमुख्यमंत्री-सह-मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग श्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे।
इस मौके पर विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल, सचिव जय सिंह सहित राजस्व मुख्यालय के वरीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
🔹 पहली पाली : आम जनता से सीधा संवाद
भूमि सुधार जनकल्याण संवाद की प्रथम पाली पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें आम नागरिकों की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी।
इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी समेत विभाग से जुड़ी सभी ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित शिकायतों पर चर्चा होगी।
कुछ आवेदनों का अंचलवार चयन कर मौके पर ही अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारियों को आवेदनकर्ता के सामने बैठाकर समीक्षा की जाएगी।
इस सत्र में जिले के सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं अमीन की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि केवल चिकित्सा अवकाश एवं उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश निरस्त रहेंगे और सभी कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
📝 आवेदन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था
आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 09:00 बजे से 11:00 बजे तक ऑडिटोरियम में अंचलवार बनाए गए दो काउंटर पर किया जाएगा।
आवेदन में अंचल का नाम, आवेदक का नाम, स्पष्ट पता और मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा, ताकि आवेदन की स्थिति की जानकारी मैसेज के माध्यम से दी जा सके।
यदि किसी समस्या को लेकर पूर्व में कोई आवेदन दिया गया है, तो उसकी प्रति भी नए आवेदन के साथ संलग्न करने की अपील की गई है।
यहां प्राप्त सभी आवेदनों को जन शिकायत पोर्टल पर अपलोड कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
🔹 दूसरी पाली : राजस्व कार्यों की गहन समीक्षा
द्वितीय पाली अपराह्न 3:30 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें सभी राजस्व पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं अमीनों के साथ समीक्षा बैठक होगी।
बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी शामिल होंगे।
दाखिल–खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित सभी ऑनलाइन सेवाओं की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी।
इस दौरान अभियान बसेरा-2 की स्थिति की भी विशेष समीक्षा होगी।
🌱 भूमि सुधार से कम होंगे विवाद, बढ़ेगी पारदर्शिता
उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि जनकल्याण संवाद का उद्देश्य भूमि सुधार से जुड़ी सभी सेवाओं को समयबद्ध बनाना है, ताकि भूमि अभिलेख अद्यतन हों और राज्य में भूमि विवादों में कमी आए।
उन्होंने आमजनों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भूमि सुधार से जुड़े कार्यों के लिए किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
प्रमंडल स्तर पर समीक्षा के बाद जिलावार समीक्षा कर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
यह अभियान प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
RxTv BHARAT – Bihar National Trusted News Network
समाचार सूचना, जनहित सहयोग एवं विज्ञापन हेतु आधिकारिक संपर्क – 9472867520
#DarbhangaNews #LandReformBihar #VijayKumarSinha #DakhilKharij #ParimarjanPlus #EMapi #RevenueDepartment
#JanKalyanSamvad #BiharGovernment




