दरभंगा वार्ड-28 में सड़क, नाला व सार्वजनिक कुएं की बदहाली, आरोप नही हुई जीणोद्धार
RxTvBharat.com | दरभंगा
- 🚧 अतिक्रमण से सार्वजनिक रास्ता और चौक सिकुड़ने का आरोप
- 💧 खेसरा संख्या 24001 का सार्वजनिक कुआं वर्षों से उपेक्षित
- 🛣️ स्कूल मार्गों पर गड्ढे, जाम नाले और जलजमाव से परेशानी
नगर निगम दरभंगा के वार्ड संख्या-28 अंतर्गत मदारपुर क्षेत्र में सड़क, नाला एवं सार्वजनिक संपत्तियों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। स्थानीय नागरिकों द्वारा 16 अगस्त 2023 को नगर निगम प्रशासन को लिखित आवेदन देकर समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई के नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
मदारपुर चौक पर स्थित सार्वजनिक कुआं, जिसका खेसरा संख्या 24001 दर्ज है, चारों ओर से आम रास्ते से जुड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुएं के पश्चिमी हिस्से की सड़क को अतिक्रमण कर 4 से 5 दुकानें बना ली गई हैं, जिससे आम जनता का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
बताया गया कि कुएं के पश्चिम दिशा का रास्ता खेसरा संख्या 23994 में दर्ज है, जो सरकारी नक्शे में स्पष्ट रूप से अंकित है। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने को लेकर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पूर्व पार्षद स्वर्गीय भोला सहनी एवं रेशमा देवी द्वारा पूर्व में भी नगर निगम कार्यालय में आवेदन दिया गया था, जिसकी छायाप्रति संलग्न बताई जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम द्वारा सार्वजनिक कुएं की सफाई व जीवनोद्धार की घोषणा तो की गई, लेकिन धरातल पर कोई कार्य नहीं हुआ। वर्षों से यह योजना केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
मदारपुर क्षेत्र में काली मंदिर गंगासागर से कल्याण छात्रावास, किड केयर स्कूल और होली क्रॉस स्कूल होते हुए मैन रोड तक सड़क व नालों की स्थिति अत्यंत खराब है। गड्ढे, जाम नाले और जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं मदारपुर भगवती चौक से दक्षिण-पूर्व दिशा में नाला निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बिना स्वीकृत नक्शा और बिना अतिक्रमण हटाए ही नाला निर्माण कराया जा रहा है, जिससे चौक की जमीन संकरी हो रही है और सार्वजनिक स्थल प्रभावित हो रहा है।
भगवती चौक से पश्चिम (रोड के उत्तर) दिशा में हुए नाला निर्माण में भी लगभग 5-7 स्थानों पर करीब 50 कदम तक नाला छोड़ा गया है। निर्माण कार्य को टेढ़ा-मेढ़ा और मानक के विपरीत बताया जा रहा है।
इसी तरह मदारपुर चौक से मोगलपुरा की ओर जाने वाली सड़क आधी सोलिंग होकर अतिक्रमण के कारण अधूरी पड़ी है। स्थानीय लोगों के अनुसार अभियंता द्वारा नापी कर निशान लगाया गया था, लेकिन उसके बाद न तो कार्य पूरा हुआ और न ही चुनाव के बाद कोई अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचा।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सार्वजनिक कुओं और सड़कों से अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, नक्शे के अनुसार नालों का निर्माण कराया जाए और जर्जर सड़कों की मरम्मत कर वार्ड-28 की स्थिति में शीघ्र सुधार लाया जाए।
फिलहाल इस पूरे मामले पर नगर निगम या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने मीडिया के माध्यम से जिलाधिकारी व नगर निगम प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
Darbhanga Ward 28, Madarpur Road Issue, Public Well Encroachment, Nagar Nigam Darbhanga, Drain Construction Scam, Bihar Local News
#DarbhangaNews #Ward28 #Encroachment #PublicProperty #NagarNigam #BiharLocalNews #RxTvBharat
रिपोर्ट : RxTv BHARAT




