| होली पर्व पर मद्य निषेध टीम 24 घंटे अलर्ट, जिलेभर में सघन छापेमारी अभियान |
| बहादुरपुर के अम्माडीह से 353+ लीटर विदेशी शराब बरामद, ड्रोन से निगरानी तेज |
RxTv BHARAT | दरभंगा | 03 मार्च 2026
| ▪ 24 घंटे गश्ती, छापेमारी और वाहन जांच अभियान ▪ 353 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद ▪ ड्रोन से 235 लीटर चुलाई शराब नष्ट ▪ जब्त सामग्री की कीमत लगभग ₹4.94 लाख |
होली पर्व के मद्देनज़र विभागीय आदेश एवं जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देश के आलोक में मद्य निषेध कार्यालय, दरभंगा द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शराब के अवैध परिवहन, भंडारण एवं सेवन पर रोक लगाने के लिए 24 घंटे सघन छापेमारी, गश्ती एवं वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 01 मार्च 2026 को मद्य निषेध टीम ने बहादुरपुर थाना के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अम्माडीह क्षेत्र से कुल 353 लीटर से अधिक अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस संबंध में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त ड्रोन के माध्यम से की गई छापेमारी में 235 लीटर चुलाई शराब तथा 8215 किलोग्राम जावा महुआ (गुड़ का घोल) बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। जब्त एवं नष्ट की गई शराब का अनुमानित मूल्य लगभग ₹4.94 लाख आंका गया है।
सहायक आयुक्त, मद्य निषेध ने बताया कि होली के दौरान अवैध शराब कारोबारियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध ठिकानों एवं अड्डों पर लगातार छापेमारी जारी रहेगी और किसी भी शराब कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।
| 👉 “शराब कारोबारी को नहीं बख्शा जाएगा – सहायक आयुक्त, मद्य निषेध” |
आम जनता से भी अपील की गई है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




