हाजीपुर रेल महाप्रबंधक से मिले दरभंगा सांसद, मिथिला के लिए जानकी सर्किट और रेल विकास पर मंथन
डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा को प्रमुख क्षेत्रीय रेल हब बनाने और लंबित परियोजनाओं को मिशन मोड में पूरा कराने पर दिया जोर
दरभंगा। दरभंगा के रेल विकास और मिथिला की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों को रेल नेटवर्क से जोड़ने को लेकर सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के नवनियुक्त महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। शुक्रवार देर शाम हुई बैठक में दरभंगा संसदीय क्षेत्र की चल रही और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेलवे स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य सांसद डॉ. ठाकुर ने बैठक के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दरभंगा के रेल विकास को तेज रफ्तार मिल रही है। उन्होंने कहा कि दरभंगा सहित मिथिला क्षेत्र में रेल विस्तार को लेकर हो रहा विकास आने वाले समय में एक उदाहरण साबित होगा।
बैठक में दरभंगा जंक्शन के पुनर्विकास, शिशो एवं काकरघट्टी स्टेशन के विकास, निर्माणाधीन रेलवे योजनाओं में भूमि से जुड़े विषय, आरओबी, लो कॉस्ट ओवरब्रिज और दरभंगा संसदीय क्षेत्र में स्वीकृत आठ फुट ओवरब्रिज को लेकर चर्चा हुई।
इसके अलावा दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड के दोहरीकरण, अमृत भारत योजना के तहत दरभंगा, लहेरियासराय और सकरी स्टेशनों के नवीनीकरण तथा अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में मिथिला की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को रेलवे के माध्यम से जोड़ने के लिए जानकी सर्किट के निर्माण की पहल पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने लहेरियासराय सहित जिले के अन्य स्टेशनों पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, नई एवं अतिरिक्त रेल सेवाओं और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विषय भी महाप्रबंधक के समक्ष रखे।
सांसद डॉ. ठाकुर ने दरभंगा को मिथिला के प्रमुख क्षेत्रीय रेल हब के रूप में विकसित करने तथा प्रत्येक लंबित परियोजना को मिशन मोड में तय समयसीमा के भीतर पूरा कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने महाप्रबंधक से रेल विकास से जुड़े प्रत्येक विषय में जिम्मेदारी, समयसीमा और परिणाम सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए विकसित दरभंगा और विकसित मिथिला के लिए मिशन मोड में कार्य करना आवश्यक है। सांसद ने नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और दरभंगा रेल के दोहरीकरण की स्वीकृति तथा दरभंगा-समस्तीपुर रेल लाइन के दोहरीकरण कार्य के पूरा होने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
सांसद ने कहा कि आने वाले समय में दरभंगा का रेलवे विकास एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने दरभंगा से नई दिल्ली, मुंबई सहित लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन का आग्रह भी किया।
🔴 मुख्य बातें
- दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने हाजीपुर रेल महाप्रबंधक से की बैठक।
- दरभंगा जंक्शन सहित कई स्टेशनों और रेल परियोजनाओं की समीक्षा।
- मिथिला की धरोहरों को जोड़ने के लिए जानकी सर्किट पर चर्चा।
- दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड के दोहरीकरण पर भी समीक्षा।
- लंबित परियोजनाओं को मिशन मोड में पूरा कराने पर जोर।
- नई दिल्ली, मुंबई सहित लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन का आग्रह।






