दरभंगा प्रमंडल में आयुक्त की बड़ी समीक्षा बैठक
वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले राजस्व संग्रहण तेज करने का निर्देश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!RxTv BHARAT | दरभंगा | 16 मार्च 2026
● दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के अधिकारियों ने लिया भाग
● 31 मार्च से पहले राजस्व संग्रहण तेज करने का निर्देश
● शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सहित कई विभागों की समीक्षा
● अवैध खनन, बिना लाइसेंस दवा दुकानों और शराबबंदी पर सख्ती
दरभंगा। प्रमण्डलीय आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमण्डलीय सभागार, दरभंगा में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दरभंगा प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले तीनों जिलों—दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान आयुक्त ने परिवहन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण, वाहन जांच अभियान तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध परिचालन तथा बिना कागजात के चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि राजस्व में वृद्धि हो सके और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वाणिज्य कर विभाग की समीक्षा के क्रम में आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग विशेषकर कार्य विभाग 31 मार्च तक सभी कर (टैक्स) की कटौती सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता, छात्रों की उपस्थिति तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही अस्पतालों में साफ-सफाई और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा 24×7 रोस्टर प्रणाली लागू करने का निर्देश दिया गया।

खनन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध खनन और परिवहन पर नियंत्रण के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा खनिज राजस्व की वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। वहीं सांख्यिकी निदेशालय के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न सर्वेक्षण और आंकड़ा संकलन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया।
कल्याण विभाग के अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालय और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाया जाए। पशुपालन और मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान पशुओं के टीकाकरण, पशु चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया गया।
मद्यनिषेध विभाग के संदर्भ में आयुक्त ने राज्य में लागू शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन पर जोर देते हुए शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। भवन निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न सरकारी भवनों और आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए राजस्व संग्रहण पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी अवकाश पर जाने से पहले इसकी सूचना पूर्व में देना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी सह क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार मनोज कुमार सहित दरभंगा प्रमंडल के विभिन्न विभागों के प्रमंडलीय पदाधिकारी और तीनों जिलों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।





