दरभंगा में डीएम का औचक निरीक्षण, लोहिया चौक से पंडासराय पथ और कई आरओबी का लिया जायजा
सड़क चौड़ीकरण, नाला निर्माण और अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
RxTv BHARAT | दरभंगा | 15 मार्च 2026● पंडासराय, दिल्ली मोड़ और बेला मोड़ आरओबी का लिया जायजा
● सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश
● अतिक्रमण चिन्हित कर हटाने का निर्देश प्रशासन को
● शहर की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
दरभंगा। जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने आज शहर में चल रही विकास योजनाओं का जायजा लेने के लिए लोहिया चौक से पंडासराय पथ, पंडासराय आरओबी, दिल्ली मोड़ आरओबी तथा बेला मोड़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लोहिया चौक से पंडासराय तक सड़क का चौड़ीकरण तथा सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) समस्तीपुर द्वारा कराया जाएगा। इसके साथ ही इस मार्ग पर एक एलिवेटेड सड़क का भी निर्माण प्रस्तावित है, जो पंडासराय को आरओबी से जोड़ेगा।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, एनएच समस्तीपुर को निर्देश दिया कि नाला निर्माण का कार्य अविलंब गुणवत्तापूर्ण तरीके से शुरू कराया जाए। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी सदर को निर्देश दिया कि मार्ग पर अतिक्रमण को चिन्हित कर जल्द हटाने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अतिक्रमणकारियों को विधिवत नोटिस जारी करने और माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया, ताकि लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें। अतिक्रमण हटने के बाद सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को मार्ग की शीघ्र नापी कराते हुए प्रभावित मकानों की मार्किंग कराने का निर्देश दिया गया। पंडासराय आरओबी के एलाइनमेंट में जहां-जहां भू-अर्जन की आवश्यकता है, वहां शीघ्र चिन्हित कराने का निर्देश भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अमीन द्वारा बताया गया कि एलाइनमेंट में कुछ स्थानों पर पक्के मकान भी आ रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने भवन संरचना प्रमंडल के अभियंताओं को ऐसे मकानों का शीघ्र मूल्यांकन कर रिपोर्ट भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
दिल्ली मोड़ आरओबी का निरीक्षण
दिल्ली मोड़ आरओबी के निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर ने बताया कि सड़क किनारे सरकारी जमीन की नापी और मार्किंग करा दी गई है तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने अतिक्रमण को जल्द हटाने का निर्देश दिया।

पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता ने बताया कि सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण किया जाना है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने के बाद सरकारी भूमि की अंतिम सीमा से नाला निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए।
बेला मोड़ आरओबी का निरीक्षण
बेला मोड़ आरओबी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वरीय परियोजना अभियंता को यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। साथ ही पुल निर्माण निगम को सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण का कार्य जल्द शुरू करने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता, एनएचएआई के प्रतिनिधि, आरओ बहादुरपुर तथा अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





