👉 फसल बर्बादी पर मुआवजे की मांग, किसान सभा ने सरकार को चेताया
👉 असमय बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की हालत खराब, कर्ज माफी की मांग
RxTv BHARAT | दरभंगा | 23 मार्च 2026
👉 मुआवजा व आपदा घोषित करने की मांग
👉 फसल बीमा योजना पर उठाए सवाल
👉 कर्ज माफी की भी मांग
अखिल भारतीय किसान सभा, दरभंगा जिला परिषद ने जिले में हाल के दिनों में हुई असमय बारिश, तेज आंधी-तूफान एवं ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान पर चिंता व्यक्त की है।
सभा के अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि रबी फसल के अंतर्गत गेहूं, मक्का, तेलहन, दलहन सहित अन्य फसलें बड़े पैमाने पर बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं होने के कारण अधिकांश किसान इसके लाभ से वंचित रह जाते हैं। वहीं मुख्यमंत्री कृषि सहायता योजना एवं आपदा राहत कोष से मिलने वाली सहायता राशि भी पर्याप्त नहीं है।
किसान सभा ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित किसानों को तत्काल और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए तथा फसल क्षति को आपदा घोषित किया जाए।
इसके साथ ही फसल बीमा योजना को प्रभावी रूप से लागू करने और किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कर्ज माफी की घोषणा करने की भी मांग की गई है।
अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है, तो किसान सभा किसानों के हित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
अंत में उन्होंने सरकार से अपील की कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र राहत प्रदान की जाए, ताकि इस संकट की घड़ी में किसानों को सहारा मिल सके।




