दरभंगा वार्ड 25 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, 7 घरों पर चला बुलडोजर
हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन की कार्रवाई, स्थानीय लोगों ने लगाए पक्षपात के आरोप
RxTv BHARAT | दरभंगा | 29 मार्च 2026
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!● मदिना क्लॉथ सेंटर से एस.पी. सिंह के घर तक चला अभियान
● हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
● स्थानीय लोगों ने चयनात्मक कार्रवाई के लगाए आरोप
दरभंगा के वार्ड संख्या 25 में रविवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। यह अभियान मदिना क्लॉथ सेंटर से सटे गली से पश्चिम दिशा में एस.पी. सिंह के घर तक चलाया गया, जहां लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं।
प्रशासन ने इस दौरान कुल 7 अतिक्रमणकारियों के घरों को बुलडोजर से हटाकर रास्ता खाली कराया। कार्रवाई सदर बीडीओ सह सीओ पदभार की अध्यक्षता में की गई, वहीं मौके पर स्थानीय थाना की पुलिस बल भी तैनात रही।

स्थानीय निवासी मनोज सिंह ने बताया कि यह मामला वर्षों से लंबित था और जिला स्तर पर समाधान नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि अंततः हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कुल 13 अतिक्रमण मामलों में से केवल 7 पर ही कार्रवाई की गई, जबकि कुछ लोगों के घरों को छोड़ दिया गया।
इसको लेकर इलाके में असंतोष भी देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि क्या बाकी बचे अतिक्रमणकारियों पर भी कार्रवाई होगी या फिर इसके लिए दोबारा कोर्ट का सहारा लेना पड़ेगा।

साथ ही नगर निगम और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई होती, तो मामला कोर्ट तक नहीं पहुंचता।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है कि क्या शेष अतिक्रमण पर भी निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई की जाएगी।





