सिमरी थाना में नगर पुलिस अधीक्षक की अनुसंधान समीक्षा बैठक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन और कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
- सभी लंबित कांडों की गहन समीक्षा
- वारंट–कुर्की के माध्यम से गिरफ्तारी पर जोर
- गश्ती व डायल 112 को सक्रिय रखने के निर्देश
RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा –
नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा शनिवार को दिनांक 03 जनवरी 2026 को सिमरी थाना में अनुसंधान समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र से जुड़े सभी लंबित कांडों की क्रमवार समीक्षा की गई। इस दौरान सिमरी थानाध्यक्ष सहित थाना के सभी अनुसंधानकर्ता एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि लंबित कांडों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिन मामलों में अभियुक्त फरार हैं, वहां माननीय न्यायालय से वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कांडों के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, साक्ष्य संकलन, कांड दैनिकी को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा थाना के सभी पंजी अद्यतन रखने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही प्रतिवेदित कांडों की भी समीक्षा की गई और प्रत्येक माह निष्पादित होने वाले कांडों को चिन्हित कर समयसीमा के भीतर निष्पादन के निर्देश दिए गए।
नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने, विधि व्यवस्था संधारण को प्रभावी बनाने तथा डायल 112 को हमेशा भ्रमणशील और सक्रिय रखने का निर्देश दिया। बैठक का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करना बताया गया।
9472867520
दरभंगा पुलिस, सिमरी थाना, नगर पुलिस अधीक्षक, अनुसंधान समीक्षा बैठक, लंबित कांड, कानून व्यवस्था
#Darbhanga #SimriThana #DarbhangaPolice #PoliceReview #LawAndOrder #BiharNews





