गांधीनगर-कटरहिया रोड में नाला-सड़क निर्माण पर सवाल, उपनगर आयुक्त से कार्रवाई की मांग
पूर्व पार्षद प्रदीप गुप्ता और MSU छात्र नेता अमन सक्सेना ने कथित अनियमितता व गुणवत्ता में कमी की तकनीकी जांच कराने की मांग की
📌 खबर की बड़ी बातें
- वार्ड 17 के गांधीनगर-कटरहिया रोड में नाला और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए।
- मांग पत्र में नाला निर्माण में मानकों के पालन, सरिया, बेस और सड़क ढलाई को लेकर शिकायतें की गईं।
- उपनगर आयुक्त जयचंद्र अकेला ने कार्रवाई किए जाने का सकारात्मक आश्वासन दिया।
दरभंगा: दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 स्थित गांधीनगर-कटरहिया रोड में चल रहे नाला एवं सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और गुणवत्ता में कमी को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में वार्ड 17 के पूर्व पार्षद प्रदीप गुप्ता एवं मिथिला स्टूडेंट यूनियन के स्थानीय छात्र नेता अमन सक्सेना ने नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में उपनगर आयुक्त जयचंद्र अकेला से मुलाकात कर लिखित मांग पत्र सौंपा।
नाला निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
मांग पत्र में आरोप लगाया गया है कि नाला निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई स्थानों पर निर्माण के तुरंत बाद नाला टूटने लगा है।

नाला निर्माण में 6 से 8 एमएम के सरिया का इस्तेमाल किए जाने और सिंगल लेयर में ढलाई किए जाने की शिकायत की गई है। वहीं, कई जगहों पर नाले के नीचे उचित बेस नहीं बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य के दौरान जगह-जगह नाला तोड़कर छोड़ दिया गया है तथा सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। इसके कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नाले से निकला कीचड़ बीच सड़क पर डाल दिए जाने से आवागमन प्रभावित होने की बात भी कही गई है।
सड़क ढलाई की मोटाई को लेकर भी शिकायत
सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। मांग पत्र में आरोप लगाया गया है कि कई स्थानों पर महज 4 से 5 इंच तक ढलाई की जा रही है।
निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित प्राक्कलन, एजेंसी, लागत एवं निर्माण मानकों की जानकारी देने वाला बोर्ड नहीं लगाए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है।
तकनीकी जांच और कार्रवाई की मांग
पूर्व पार्षद प्रदीप गुप्ता एवं एमएसयू छात्र नेता अमन सक्सेना ने कहा कि निर्माण कार्य को लेकर इससे पहले भी नगर निगम प्रशासन को मांग पत्र दिया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्ता की जांच की जाए। यदि अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। इस पर उप नगर आयुक्त के द्वारा कार्रवाई किए जाने का सकारात्मक आश्वासन दिया गया।
दर्जनों लोगों ने किया हस्ताक्षर
मांग पत्र पर स्थानीय दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारण भी उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया, तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। लोगों ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
📲 RxTv BHARAT WhatsApp Group
ताजा खबरों और महत्वपूर्ण अपडेट के लिए हमारे WhatsApp Group से जुड़ें।
📰 संबंधित खबरें
केवल सच की बात
Journalist Rohit | Editor-In-Chief
📞 9472867520
© 2026 RxTv BHARAT — All Rights Reserved




