रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

रांची से प्रणब और अजय दयाल की रिपोर्ट

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया. यह धमकी सिविल कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई. मेल मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रांची पुलिस तुरंत हरकत में आ गईं.

कोर्ट परिसर बना पुलिस छावनी

धमकी की सूचना मिलते ही रांची पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया. सिविल कोर्ट परिसर को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. कोर्ट के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया.

सघन तलाशी अभियान जारी

पुलिस ने कोर्ट परिसर के अंदर और आसपास सघन तलाशी अभियान शुरू किया. कोर्ट की इमारत, पार्किंग, रिकॉर्ड रूम और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई. एहतियातन कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई.

बिहार और दिल्ली एनसीआर से कनेक्शन

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह धमकी उसी ई-मेल आईडी से भेजी गई है, जिससे पहले बिहार के कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके अलावा, दिल्ली एनसीआर क्षेत्र की कुछ अदालतों को भी हाल के दिनों में इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. इस वजह से पुलिस इसे अंतरराज्यीय साजिश के तौर पर भी देख रही है.

साइबर सेल जांच में जुटी

ई-मेल के सोर्स और आईपी एड्रेस का पता लगाने के लिए साइबर सेल को जांच में लगाया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी वास्तविक है या अफवाह फैलाने की साजिश. पुलिस फिलहाल किसी भी तरह का जोखिम उठाने के मूड में नहीं हैं.

इसे भी पढ़ें: जुड़वां बच्चों ने अफसरों को उलझाया, आरती फेल तो भुगलू-आमरीन पास

प्रशासन ने लोगों से की अपील

प्रशासन ने आम लोगों और कोर्ट आने वाले अधिवक्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है.

इसे भी पढ़ें: चतरा डीएसपी समेत टंडवा और लावालौंग थाना प्रभारी हाईकोर्ट तलब, मोबाइल जब्त

The post रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट appeared first on Prabhat Khabar.

शेयर करे...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!