पटना में अवैध होर्डिंग और पार्किंग पर सख्त कार्रवाई, 24 घंटे में हटाने का आदेश
पटना | 11 फरवरी 2026 :
- 24 घंटे के भीतर सभी अवैध होर्डिंग हटाने का निर्देश
- अवैध पार्किंग तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश
- दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा
- प्रतिदिन कार्रवाई की समीक्षा होगी
नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार की समीक्षा बैठक में माननीय उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना नगर क्षेत्र में अवैध रूप से लगे सैकड़ों होर्डिंग एवं अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिया कि उच्च न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़कर शेष सभी अवैध होर्डिंग 24 घंटे के भीतर हटाए जाएं तथा अवैध पार्किंग को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अवैध होर्डिंग और अवैध पार्किंग के नाम पर चल रही माफियागिरी अब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसमें जो भी व्यक्ति या समूह संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि लगभग 15 दिन पूर्व विभाग द्वारा जारी आदेश के आलोक में अब तक 18 अवैध होर्डिंग हटाए जा चुके हैं तथा आगे की कार्रवाई लगातार जारी है। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि पटना में अवैध होर्डिंग से जुड़े लगभग 20 मामले उच्च न्यायालय में लंबित हैं।
इस पर उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन मामलों की शीघ्र सुनवाई के लिए विभागीय महाधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय से अनुरोध किया जाए, ताकि कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न हो।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राजस्व संरक्षण और शहरी व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में एक सख्त और निर्णायक कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जाए।
Patna News, Illegal Hoarding Bihar, Urban Development Bihar, Vijay Kumar Sinha, Parking Mafia, Bihar Government Action
#PatnaNews #BiharNews #IllegalHoarding #UrbanDevelopment #GovtAction #BreakingNews




