सिविल कोर्ट परिचारी भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को दी गई ब्रीफिंग
दरभंगा जिला मुख्यालय के 31 परीक्षा केंद्रों पर 15 मार्च को दो पालियों में होगी परीक्षा
RxTv BHARAT | दरभंगा | 12 मार्च 2026
दरभंगा में सिविल कोर्ट परिचारी के पद पर नियुक्ति के लिए होने वाली प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज कर दी गई है। प्रेक्षागृह दरभंगा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गोपाल मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनेद आलम और जिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को ब्रीफिंग दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सिविल कोर्ट बिहार, पटना द्वारा परिचारी पद के लिए 15 मार्च 2026 (रविवार) को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दरभंगा जिला मुख्यालय के 31 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी।
• द्वितीय पाली – दोपहर 02:00 बजे से 04:00 बजे तक
• जिला मुख्यालय के 31 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
• सभी केंद्रों पर ऑब्जर्वर, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात
प्रशासन ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जिला न्यायालय द्वारा
ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं, जो पूरी परीक्षा प्रक्रिया का अनुश्रवण और पर्यवेक्षण करेंगे। सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए रिपोर्टिंग समय निर्धारित किया गया है। प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 08:30 बजे से 09:30 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 12:30 बजे से 01:30 बजे तक रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल द्वारा अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र की दो प्रति, दो पासपोर्ट फोटो, पहचान पत्र और उसकी स्वप्रमाणित प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा पारदर्शी पानी की बोतल और पारदर्शी बॉल पेन की ही अनुमति होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोबाइल फोन, बैग, घड़ी, पर्स, कैलकुलेटर या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
सभी परीक्षा केंद्रों पर संबंधित एजेंसी द्वारा जैमर लगाया जाएगा और इसकी कार्यक्षमता की जांच ऑब्जर्वर द्वारा की जाएगी।
इसके अलावा परीक्षा कक्ष में किसी भी वीक्षक या कर्मी को भी मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी लगाना अनिवार्य होगा तथा परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्राधीक्षक वीक्षकों के साथ बैठक कर परीक्षा से जुड़े सभी निर्देशों की जानकारी देंगे।
बैठने की व्यवस्था आयोग द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार की जाएगी, जिसमें एक बेंच पर दो परीक्षार्थियों के बीच कम से कम 3 फीट की दूरी रखी जाएगी। परीक्षा कक्ष के बाहर सीटिंग प्लान परीक्षा शुरू होने से पहले प्रदर्शित किया जाएगा।
परीक्षा के दौरान एजेंसी द्वारा प्रत्येक परीक्षार्थी का बायोमेट्रिक और फोटो लेकर उपस्थिति दर्ज की जाएगी। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।




