दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से गांजा बरामद
पुलिस कार्रवाई में दरभंगा और समस्तीपुर से 4 गिरफ्तार, लाखों रुपये नकद बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!RxTv BHARAT | दरभंगा | 13 मार्च 2026
● पुलिस ने दरभंगा और समस्तीपुर में छापेमारी कर 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
● कुल 4.83 किलो गांजा और 39 बोतल विदेशी शराब बरामद
● छापेमारी में 11.53 लाख रुपये नकद भी बरामद
● पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है
दरभंगा। दरभंगा एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। एयरपोर्ट के सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा दी गई सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें यात्री के बैग से करीब 470 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी मोहन कुमार यादव, पिता रामकिशोर यादव, ग्राम बलहा थाना बिरौल जिला दरभंगा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, तीन बैंक पासबुक, दो नोटबुक और एक पॉकेट खैनी भी बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने गांजा रामनरेश यादव से 7000 रुपये में खरीदा था। आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर उसके पेटीएम खाते से रामनरेश यादव को 3000 रुपये ऑनलाइन भुगतान करने का प्रमाण भी मिला।

इसके बाद पुलिस ने बिरौल थाना के सहयोग से ग्राम बलहा में छापेमारी कर रामनरेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह गांजा समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के लगमा गांव निवासी प्रितम कुमार सिंह से खरीदा था।
इसके आधार पर समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना पुलिस के सहयोग से लगमा गांव में छापेमारी की गई, जहां प्रितम कुमार सिंह के घर से 2.940 किलोग्राम गांजा, 39 बोतल विदेशी शराब और 1 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर लगमा गांव में ही रविंद्र कुमार सिंह और राजू कुमार सिंह के घर छापेमारी की गई, जहां से 1.890 किलोग्राम गांजा और 10,53,750 रुपये नकद बरामद किए गए।
समस्तीपुर जिले में बरामद सभी सामान, नकद और गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए सिंघिया थाना को सौंप दिया गया, जहां इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष सदर, दरभंगा की निगरानी में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।





