पतंजलि सामानों की आड़ में 60 लाख की शराब जब्त, चालक-उपचालक गिरफ्तार
दरभंगा, 12 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान मद्यनिषेध टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 4,947.120 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 60 लाख रुपये बताया गया है। मामले में कंटेनर के चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भरौल में पकड़ा गया कंटेनर
जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने बिशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल, एकमी-शोभन रोड पर कंटेनर संख्या UP21CT3867 को रोका और तलाशी ली।
पतंजलि उत्पादों के बीच छिपाई गई थी शराब
तलाशी के दौरान कंटेनर में पतंजलि के सामानों के बीच शराब छिपाकर रखी गई थी। टीम को 478 कार्टून साबुन, 460 कार्टून टूथपेस्ट, 155 बोरा सर्फ और 111 कार्टून ब्रश समेत अन्य उत्पाद मिले। इन्हीं सामानों के बीच विदेशी शराब को इस तरह रखा गया था कि सामान्य जांच में आसानी से इसका पता नहीं चल सके।
चालक और उपचालक गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के निवासी बताए गए हैं। उनसे पूछताछ कर शराब के स्रोत, संभावित गंतव्य और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि शराब के परिवहन के लिए अपनाए जा रहे नए तरीकों की पहचान कर जांच और निगरानी बढ़ाई जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन से संबंधित सूचना तत्काल प्रशासन अथवा मद्यनिषेध विभाग को देने की अपील की है।
📌 मुख्य बातें
- 4,947.120 लीटर विदेशी शराब बरामद।
- जब्त शराब का अनुमानित मूल्य करीब 60 लाख रुपये।
- बिशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल में पकड़ा गया कंटेनर।
- पतंजलि उत्पादों के बीच शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।
- चालक और उपचालक गिरफ्तार, दोनों मुरादाबाद निवासी बताए गए।
- शराब के स्रोत और गंतव्य की जांच जारी।






