दरभंगा में पेट्रोल पंपों पर भीड़, प्रशासन ने कहा – तेल की कोई कमी नहीं
SDO विकास कुमार बोले – घबराहट में लोग ज्यादा भरवा रहे पेट्रोल, शाम तक सप्लाई होगी सामान्य
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!RxTv BHARAT | दरभंगा | 30 मार्च 2026
दरभंगा शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सोमवार को अचानक बढ़ी भीड़ के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि यह स्थिति लोगों में फैली घबराहट के कारण बनी है।
SDO ने बताया कि शहर के कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया है, जहां पर्याप्त मात्रा में तेल उपलब्ध पाया गया। हालांकि, लोग एक-दूसरे को देखकर जरूरत से अधिक पेट्रोल भरवा रहे हैं, जिससे भीड़ की स्थिति बन रही है।
● रामनवमी व छुट्टियों के कारण सप्लाई प्रभावित
● शाम तक सभी पंपों पर पहुंचेगा तेल
● गैलन/डिब्बे में तेल देना पूरी तरह प्रतिबंधित
● अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
उन्होंने बताया कि लहेरियासराय टावर और सैदनगर जैसे कुछ पेट्रोल पंप फिलहाल बंद हैं। इसका कारण 27, 28 और 29 मार्च को रामनवमी, सेकेंड शनिवार और रविवार की छुट्टियों के चलते ऑयल डिपो से सप्लाई बाधित होना है।
वीडियो भो देखे 👇👇👇

SDO ने आश्वस्त किया कि संबंधित ऑयल कंपनियों के अधिकारियों से बात की गई है और शाम तक टैंकर पहुंच जाएंगे, जिससे सभी पेट्रोल पंपों पर सप्लाई सामान्य हो जाएगी।
उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अब पेट्रोल-डीजल केवल वाहनों में ही दिया जाएगा। गैलन या डिब्बों में तेल देना पूरी तरह कानून के खिलाफ है। ऐसा करने वाले पेट्रोल पंपों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर भी प्रशासन ने चेतावनी दी है। SDO ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में तेल उपलब्ध है, इसलिए लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल लें।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात कर व्यवस्था बनाए रखें।





