चट्टी चौक में निर्माणाधीन दुकानों का डीएम ने किया निरीक्षण
वायरल वीडियो में गड़बड़ी की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर परखी निर्माण गुणवत्ता
RxTv BHARAT | दरभंगा | 08 मार्च 2026
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
🔹 दुकानों के निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर डीएम ने किया स्थल निरीक्षण
🔹 निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अधिकारियों और संवेदक को सख्त निर्देश
🔹 लगभग 64 अतिक्रमित दुकानों को नई व्यवस्था के तहत शिफ्ट करने की योजना
दरभंगा: शहर के चट्टी चौक में निर्माणाधीन दुकानों का जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को स्थल निरीक्षण किया। हाल के दिनों में दुकानों के निर्माण कार्य में गड़बड़ी और अनियमितता की शिकायत सामने आई थी, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी के बाद जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की और वहां मौजूद अभियंताओं तथा संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नगर निगम द्वारा बन रही दुकानों का भी बारीकी से निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन दुकानों में व्यापारी लंबे समय तक अपना व्यवसाय करेंगे, इसलिए निर्माण कार्य मजबूत और सुरक्षित होना बेहद जरूरी है।

अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत करीब 64 अतिक्रमित दुकानों को हटाकर उन्हें नई व्यवस्था के तहत शिफ्ट करने की योजना है। इसके लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुकानों के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और इसे जल्द पूरा किया जाए, ताकि व्यापारियों को नई दुकानों का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, पुल निर्माण निगम के अभियंता तथा संबंधित संवेदक भी उपस्थित रहे।





