जिला स्थापना दिवस पर दरभंगा में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!152वें स्थापना दिवस पर संस्कृति, विरासत और विकास का जीवंत उत्सव
- दरभंगा ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
- मंत्री, सांसद, विधायक व जिलाधिकारी रहे उपस्थित
- स्मारिका का लोकार्पण, खिलाड़ियों व दिव्यांगजनों का सम्मान
RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा – दरभंगा जिला के 152वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा लहेरियासराय स्थित दरभंगा ऑडिटोरियम में भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरा सभागार उत्सव, उल्लास और मिथिला की सांस्कृतिक खुशबू से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार श्री मदन सहनी, माननीय नगर विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी श्री संजय सरावगी, माननीय राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशीला गुप्ता एवं जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार द्वारा सभी माननीय अतिथियों को पाग, चादर एवं पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल द्वारा जिलाधिकारी को पाग, चादर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्थापना दिवस के अवसर पर दरभंगा जिला के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक विरासत तथा विकास योजनाओं से आच्छादित समेकित स्मारिका का लोकार्पण माननीय मंत्री महोदय, उपस्थित विधायकगण, जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर के कर-कमलों से किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि नववर्ष 2026 के साथ दरभंगा जिला का 152वां स्थापना दिवस मनाना जिलेवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने जिले के गौरवशाली इतिहास, मिथिला की पहचान, मैथिली भाषा, शैक्षणिक संस्थानों, ऐतिहासिक धरोहरों और वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि दरभंगा आज आधुनिक शहर के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है, जहां एलिवेटेड रोड, फ्लाईओवर, AIIMS, मेट्रो डीपीआर, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की दिशा में एयरपोर्ट विकास, पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

माननीय मंत्री श्री मदन सहनी ने अपने संबोधन में कहा कि दरभंगा के 152 वर्षों के इतिहास में यहां की जनता और महान विभूतियों का अतुलनीय योगदान रहा है। सरकार शिक्षा, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और आने वाला वर्ष जिले के लिए और अधिक विकास लेकर आएगा।

माननीय राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशीला गुप्ता ने दरभंगा को मिथिला की पहचान का केंद्र बताते हुए केंद्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की। वहीं माननीय नगर विधायक श्री संजय सरावगी ने AIIMS, एयरपोर्ट, तारामंडल, सड़क, स्वास्थ्य एवं शहरी विकास कार्यों को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

केवटी विधायक श्री मुरारी मोहन झा ने स्वास्थ्य बीमा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं रोजगार योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन योजनाओं से गांव-गांव तक विकास की नई तस्वीर उभर रही है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में माननीय मंत्री के कर-कमलों से दिव्यांगजनों को मोटर चालित ट्राइसाइकिल एवं कंबल प्रदान किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कलाकारों ने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। खबर लिखे जाने तक सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहा।
दरभंगा स्थापना दिवस, Darbhanga Foundation Day, दरभंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, मिथिला संस्कृति, दरभंगा विकास
#Darbhanga152 #FoundationDay #MithilaCulture #DarbhangaNews
#BiharNews #CulturalProgram #ProudDarbhanga #NewYear2026





