दरभंगा में ऋण स्वीकृति सह वितरण कैम्प आयोजित, लाभुकों को मिले करोड़ों रुपये के लोन
पीएम रोजगार सृजन और सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के तहत कई लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरित
RxTv BHARAT | दरभंगा | 12 मार्च 2026
उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के तहत दरभंगा में ऋण स्वीकृति सह वितरण कैम्प का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समाहरणालय परिसर स्थित अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त स्वप्निल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति एवं भुगतान पत्र भी वितरित किए गए।
• सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना में 10 लाभुकों को 64.97 लाख रुपये स्वीकृति
• 11 लाभुकों को कुल 122.50 लाख रुपये ऋण राशि का वितरण
• विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया पूरी
उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभुकों से उनके प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी ली और उन्हें नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र दरभंगा ने विभिन्न बैंकों द्वारा योजनाओं के तहत किए गए ऋण स्वीकृति और भुगतान की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उप विकास आयुक्त ने उपस्थित बैंक अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नए उद्योगों की स्थापना और रोजगार सृजन बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि जिन बैंकों द्वारा अब तक
ऋण स्वीकृति और भुगतान का लक्ष्य पूरा नहीं किया गया है, वे
24 मार्च 2026 तक आवश्यक कार्रवाई करते हुए अपना लक्ष्य पूरा करें।
इस कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ पदाधिकारी, उद्योग विभाग के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उद्योग विस्तार पदाधिकारी, जिला उद्योग केंद्र दरभंगा द्वारा किया गया।
RxTv BHARAT WhatsApp चैनल से जुड़ें और सबसे पहले पाएं बिहार की बड़ी खबरें




