पटना की रात में हाई-वोल्टेज ड्रामा, पप्पू यादव गिरफ्तार
31 साल पुराने केस में आधी रात की कार्रवाई, सियासत गरम
पटना | 07 फरवरी 2026 | सुबह 8:00 बजे तक का अपडेट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!- पूर्णिया सांसद पप्पू यादव 6 फरवरी की देर रात गिरफ्तार
- 1995 के धोखाधड़ी व अवैध कब्जा मामले में कार्रवाई
- आज MP-MLA कोर्ट में पेशी, जमानत पर फैसला संभव
RxTv BHARAT :
बिहार की राजनीति में एक बार फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी 31 साल पुराने वर्ष 1995 के एक आपराधिक मामले में की गई है, जिसमें धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और किराए के मकान पर अवैध कब्जा करने के आरोप हैं।
जानकारी के अनुसार, गर्दनीबाग थाना, पटना में दर्ज इस मामले में अदालत द्वारा बार-बार समन के बावजूद पेश नहीं होने पर नॉन-बेलेबल वारंट जारी किया गया था। हाल ही में MP-MLA कोर्ट ने कुर्की-जब्ती का भी आदेश दिया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पटना के मंदिरी इलाके में स्थित पप्पू यादव के आवास पर 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम पहुंची। इस दौरान समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई, नारेबाजी और हंगामा हुआ। पप्पू यादव ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया और कहा कि पुलिस सिविल ड्रेस में थी, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
काफी मान-मनौव्वल के बाद रात लगभग 12:15 बजे पप्पू यादव को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण IGIMS अस्पताल में कराया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह पूरी तरह न्यायालय के आदेश पर की गई कानूनी कार्रवाई है और इसका कोई राजनीतिक पक्ष नहीं है। वहीं पप्पू यादव और उनके समर्थक इसे सरकार की आलोचना, खासकर NEET छात्रा मामले पर आवाज उठाने का परिणाम बता रहे हैं।
शनिवार को पप्पू यादव को पटना स्थित MP-MLA कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां रिमांड या जमानत पर फैसला लिया जा सकता है। इस गिरफ्तारी के बाद बिहार की सियासत में एक नया राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है।
Author : RxTv BHARAT News Desk
#BreakingNews #PappuYadav #PappuYadavArrest #BiharPolitics #PatnaPolice #MPMLACourt #RxTvBHARAT





