- निरीक्षण में थाना अभिलेखों की गंभीर अनदेखी सामने आई
- थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब
- लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के सख्त निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा दिनांक 08 जनवरी 2026 को महिला थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हाजत पंजी, गिरफ्तारी पंजी, खतियान, निर्गत पंजी, प्राप्ति पंजी, जेल से छूटे अपराधियों की पंजी, केस डिस्पोजल, दैनिकी पंजी, अपराध अनुसंधान पंजी सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि किसी भी पंजी को अद्यतन नहीं किया गया था, जबकि पूर्व में निर्धारित तिथि तक सभी पंजियों को अद्यतन रखने का स्पष्ट निर्देश दिया जा चुका था। इस गंभीर लापरवाही को लेकर महिला थानाध्यक्ष से विभागीय कार्रवाई के विरुद्ध स्पष्टीकरण की मांग की गई।
वहीं पु0नि0 सत्येन्द्र कुमार (प्रभारी विधि व्यवस्था शाखा) को महिला थाना अभिलेखों के संधारण का जिम्मा दिया गया था, परंतु उनके द्वारा भी उक्त कार्य नहीं कराया गया। इस कारण उनसे भी विभागीय कार्रवाई के विरुद्ध स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

महिला थाना कांड संख्या 169/25 में लापरवाही बरतने के आरोप में पु0अ0नि0 नीलम कुमारी से भी स्पष्टीकरण की मांग की गई। निरीक्षण के पश्चात वरीय पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
निर्देशों में सभी प्रकार के पंजियों को त्वरित गति से संधारित करने, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, कांडों में अविलंब गिरफ्तारी, तथा विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। थाना में लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके अनुपालन हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए।

PC समीक्षा के दौरान समन, BW, NBW, इश्तिहार एवं कुर्की पंजी की जांच की गई। लंबित समन, BW एवं NBW को प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर तामिला करने तथा इश्तिहार व कुर्की को 3 दिनों के अंदर तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त थाना परिसर की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित रख-रखाव, हाजत सुरक्षा की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के विरुद्ध आमजन को जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया।





