दरभंगा में 40 मिनट तक चली लूट, 2 करोड़ से ज्यादा के जेवर और 25 लाख कैश साफ
प्रेम ज्वेलर्स में नकाबपोश बदमाशों का तांडव, व्यापारी को बंधक बनाकर दिनदहाड़े वारदात
RxTv BHARAT | दरभंगा
दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा बाजार स्थित महथा सिंधी सदा मार्केट में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। ‘प्रेम ज्वेलर्स’ नामक होलसेल दुकान में चार नकाबपोश बदमाशों ने करीब 40 मिनट तक दुकान को बंधक बनाकर 2 करोड़ से अधिक के आभूषण और 25 लाख रुपये नकद लूट लिए।
घटना दोपहर करीब 1:55 बजे हुई, जब दुकानदार मनोज कुमार ठाकुर अपने कर्मचारियों के साथ ग्राहकों को आभूषण दिखा रहे थे। इसी दौरान ऑरेंज और व्हाइट गमछा से चेहरा ढके चार बदमाश दुकान में घुस आए और पिस्टल तानकर सभी को बंधक बना लिया।
● 40 मिनट तक दुकान को बंधक बनाकर लूटपाट
● 2 करोड़+ के सोने-चांदी के आभूषण लूटे
● गल्ला से 20 लाख और ग्राहक से 5 लाख नकद लूट
● तीन बैग भरने के बाद दुकान से एक बैग और लिया
● बाहर और सड़क पर भी बदमाश हथियार लेकर तैनात थे
बदमाशों ने दुकान का गेट अंदर से बंद कर दिया और विरोध करने पर दुकानदार की पिटाई की। इसके बाद उन्होंने सोने-चांदी के जेवर, बिस्कुट, कच्चा शील्ड और अन्य कीमती सामान बैग में भर लिया।
करीब 2:35 बजे बदमाश चार बैग लेकर बाहर निकले और दुकान को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद सभी पैदल भागते हुए महाराजी पुल तक पहुंचे और वहां से बाइक पर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची।
मौके पर मिथिला क्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी और सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और करीब 2 किलोमीटर दूर सती स्थान के पास से लूटे गए दो मोबाइल बरामद किए हैं।
एसएसपी के अनुसार, मामले में एसआईटी का गठन कर दिया गया है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




