RxTv BHARAT
केवल सच की बात
BIHAR NATIONAL TRUSTED NEWS NETWORK
दरभंगा में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक, मंत्री दीपक प्रकाश ने गुणवत्ता और समय पर योजनाएं पूरी करने के दिए निर्देश
दरभंगा। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री श्री दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, जिला परिषद की योजनाओं तथा मोक्ष धाम निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने मंत्री श्री दीपक प्रकाश एवं दरभंगा ग्रामीण के विधायक श्री राजेश कुमार मंडल का पाग, चादर एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले की कुल 308 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण किया जाना है। इनमें 98 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 154 भवन निर्माणाधीन हैं। मंत्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं एलएईओ को सभी स्वीकृत प्राक्कलन की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला परिषद की योजनाओं एवं जिला परिषद की भूमि से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का संचालन निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा में बताया गया कि जिले में 75 मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 31 योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जबकि शेष योजनाओं का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। मंत्री ने स्वीकृत योजनाओं का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने तथा जहां भूमि उपलब्ध नहीं है वहां शीघ्र भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया।
मोक्ष धाम निर्माण योजना के अंतर्गत जिले में 446 स्थलों का सर्वेक्षण पूरा होने की जानकारी दी गई। इस दौरान विधायक राजेश कुमार मंडल ने गौसाघाट एवं धोई घाट के बंद पड़े शवदाह गृहों का संचालन पुनः प्रारंभ कराने का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत दरभंगा जिले को 45,600 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 44,537 स्ट्रीट लाइट स्थापित की जा चुकी हैं, जो लक्ष्य का लगभग 98 प्रतिशत है। मंत्री ने सभी अधिकारियों को नियमित जांच कराने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को संबंधित एजेंसी से शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही बहेड़ी एवं कुशेश्वरस्थान प्रखंडों में शेष कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।

मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन तैयार हो चुके हैं वहां आरटीपीएस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन तथा पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। विधायक राजेश कुमार मंडल ने प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान एवं पुस्तकालय विकसित करने का सुझाव भी रखा।
मुख्य बातें
- मंत्री दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित।
- 308 पंचायत सरकार भवनों में 98 पूर्ण, 154 निर्माणाधीन।
- 75 मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजनाएं स्वीकृत, 31 को प्रशासनिक स्वीकृति।
- 45,600 के लक्ष्य के विरुद्ध 44,537 सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित।
- 446 मोक्ष धाम स्थलों का सर्वेक्षण पूरा।
- गुणवत्ता, समयबद्ध निर्माण और नियमित निरीक्षण पर मंत्री ने दिया जोर।
🔗 संबंधित खबरें
📲 RxTv BHARAT WhatsApp Group से जुड़ें
दरभंगा, बिहार और देश की ताज़ा एवं विश्वसनीय खबरें सबसे पहले पाने के लिए हमारे आधिकारिक WhatsApp Group से जुड़ें।
RxTv BHARAT
केवल सच की बात
© 2026 RxTv BHARAT | All Rights Reserved
(RxtvNews / RxTv Bharat | Reg. No. BR100048098)
के Owner द्वारा अधिकृत है। संपादक, ब्यूरो चीफ, स्ट्रिंगर, रिपोर्टर 📞 Mobile: 9472867520 | 🌐 Website: www.rxtvbharat.com दुरुपयोग की स्थिति में व्यक्तिगत उत्तरदायित्व होगा।





