दरभंगा वीआईपी रोड पर पीएचडी कर्मी की संदिग्ध हत्या

दरभंगा वीआईपी रोड पर पीएचडी कर्मी की संदिग्ध हत्या

दरभंगा वीआईपी रोड पर पीएचडी कर्मी की संदिग्ध हत्या

गला रेतकर मारे जाने की आशंका, दूसरी शादी के दावे से मामला और उलझा

  • वीआईपी रोड कमर्शियल चौक पर सुबह खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप
  • मृतक पवन कुमार प्रसाद, पीएचडी कर्मी, पार्ट टाइम ई-रिक्शा चालक
  • एसएसपी ने गठित की विशेष जांच टीम, CCTV और हर एंगल से जांच

RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा

दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत वीआईपी रोड स्थित कमर्शियल चौक पर बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। शव खून से लथपथ था और घटनास्थल पर एक टेम्पो खड़ा मिला, जिसके पास उसका चालक जमीन पर गिरा हुआ था। मृतक की पहचान बहैरी थाना क्षेत्र के निवासी पवन कुमार प्रसाद (उम्र लगभग 46 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पीएचडी विभाग में कर्मचारी के रूप में कार्यरत बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों की सूचना पर लहेरियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना सुबह करीब 6 बजे मिली थी। प्रारंभिक जांच में ही मामला गंभीर प्रतीत होने लगा, जिसके बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया।

दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर राजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को कुछ अहम इनपुट मिले हैं और सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है।

एसडीपीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मृतक के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार या चाकू से हमला कर उनकी हत्या की गई है। एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार पवन कुमार प्रसाद रात के समय पार्ट टाइम ई-रिक्शा भी चलाते थे। आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी विवाद या रंजिश के दौरान इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इसी बीच मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब एक महिला सामने आई और खुद को मृतक की दूसरी पत्नी बताते हुए दावा किया कि दोनों की शादी वर्ष 2017 में काली मंदिर में हुई थी। महिला का कहना है कि उसके पास शादी से जुड़े प्रमाण मौजूद हैं। पुलिस के अनुसार मृतक की पहली पत्नी और पुत्र दिल्ली में रहते हैं और पुत्र दरभंगा आ रहा है। शव की दावेदारी को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मृतक के निजी जीवन से जुड़े सभी पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

सूचना, मदद व विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9472867520

दरभंगा हत्या मामला, वीआईपी रोड हत्या, पवन कुमार प्रसाद, लहेरियासराय थाना, दरभंगा पुलिस, पीएचडी कर्मचारी हत्या

#Darbhanga #VIPRoad #MurderCase #BiharCrime #PHDEmployee #Laheriasarai #BreakingNews

शेयर करे...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!