दरभंगा नगर थाना का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था की हुई समीक्षा
नगर पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के दिए निर्देश
RxTv BHARAT | दरभंगा | 12 मार्च 2026
दरभंगा में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा नगर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। आज दिनांक 12 मार्च 2026 को किए गए इस निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित विभिन्न पंजियों और अभिलेखों की विस्तृत जांच की गई। इसमें आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर, लोक शिकायत पंजी, मासिक कार्य विवरणी, मालखाना, हाजत पंजी, गिरफ्तारी पंजी, चार्जशीट, स्टेशन डायरी तथा समन-वारंट और कुर्की इश्तिहार से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया गया।
• हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा
• फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश
• वाहन चेकिंग और रात्रि गश्ती बढ़ाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान हत्या, लूट और डकैती जैसी संगीन आपराधिक घटनाओं तथा लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि फरार अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नियमित रूप से वाहन जांच और रात्रि गश्ती की जाए।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चौकसी बरतने का निर्देश दिया। साथ ही थानाध्यक्ष को पूर्व से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने और वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे नए आपराधिक कानून के अनुसार मामलों की जांच करें और वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक तरीकों से साक्ष्य संकलित करें, ताकि मामलों का निष्पक्ष और मजबूत अनुसंधान किया जा सके।
इसके अलावा थानाध्यक्ष को आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी नजर रखने, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने तथा नशे के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने का भी सख्त निर्देश दिया गया।
RxTv BHARAT WhatsApp चैनल से जुड़ें और सबसे पहले पाएं बिहार की बड़ी खबरें




