बाल दिवस पर भराठी आश्रय गृह में बच्चों के सपनों और अधिकारों की गूंज, संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ
बाल कल्याण समिति के सदस्यों और शिक्षकों ने बच्चों को दिया प्रेरक संदेश, गीत-संगीत, संवाद और उपहारों के साथ मनाया गया बाल दिवस
दरभंगा। बच्चों पर ही उनके परिवार, समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्भर करता है। बच्चे आज की उम्मीद और कल के निर्माणकर्ता हैं। इसी संदेश के साथ 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर वृहद आश्रय गृह, भराठी के सभागार में आवासित बालक-बालिकाओं के बीच बाल दिवस मनाया गया। इस मौके पर संरक्षण सप्ताह का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई। इसके बाद अतिथियों ने बच्चों से संवाद किया और उनके बेहतर भविष्य, चरित्र निर्माण, सामाजिक सहभागिता तथा अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।
‘बच्चे बीज हैं, जैसा बीज होगा वैसा ही पौधा बनेगा’
कार्यक्रम में मौजूद बाल कल्याण समिति के सदस्य अजीत कुमार मिश्र ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों पर ही उनके परिवार, समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्भर करता है। बच्चे बीज के समान हैं और जैसा बीज होगा, वैसा ही पौधा तैयार होगा।
उन्होंने बच्चों से अपने अंदर की कमियों को दूर करने, परिवार और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा सुखद जीवन, समरस समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्र की असली पूंजी केवल प्राकृतिक और आर्थिक संसाधन नहीं, बल्कि चरित्रवान युवा होते हैं।

नेहरू जी के व्यक्तित्व और बच्चों के चार अधिकारों की चर्चा
बाल कल्याण समिति के सदस्य संदीप कुमार झा ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनके जन्मदिन पर बाल दिवस मनाकर हम बच्चों के प्रति स्नेह, आदर और सामाजिक प्रतिबद्धता को याद करते हैं। इस दौरान उन्होंने बच्चों को उनके चार अधिकारों की जानकारी भी सरल भाषा में दी।
कविता और संगीत के जरिए बच्चों को किया प्रेरित
अतिथि शिक्षक कुमारी भारती रंजन ने कहा कि सपनों में ही भविष्य के इतिहास की पहली इबारत लिखी जाती है। उन्होंने कविता के माध्यम से बच्चों को संबोधित किया और समाज में रोजमर्रा की घटनाओं के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
वहीं, शिक्षक एवं गायत्री परिवार से जुड़े बृजनन्दन शर्मा ने संगीत के माध्यम से बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने गीत-संगीत के साथ नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों को भी समझाया। कार्यक्रम में बच्चों ने भी खुलकर अपनी बातें रखीं और गायन की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा दिखाई।

बच्चों के बीच बांटे गए उपहार
बाल दिवस के अवसर पर अतिथियों ने आवासित बच्चों के बीच बिस्किट, टॉफी, कॉपी और कलम वितरित किए तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन और स्वागत भाषण बाल गृह के अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बालिका गृह की अधीक्षिका कंचन झा ने किया।
इस अवसर पर प्रोवेशन पदाधिकारी राघव ठाकुर सहित आश्रय गृह के सभी आवासित बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्नेह, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन देने के साथ उनके अधिकारों एवं बेहतर भविष्य के प्रति जागरूक करना रहा।
बच्चों को सही मार्गदर्शन, सुरक्षित माहौल और आगे बढ़ने का अवसर देना ही बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है।
दरभंगा और बिहार की ताजा खबरें सबसे पहले पाने के लिए हमारे ग्रुप से जुड़ें।




