स्टेनो परीक्षा को लेकर दरभंगा में निषेधाज्ञा, परीक्षा केंद्र के 100 मीटर दायरे में कई पाबंदियां
9 से 13 सितंबर तक होगी कर्मचारी चयन आयोग की स्टेनो ग्रेड सी एंड डी कंप्यूटर आधारित परीक्षा
दरभंगा, 03 सितंबर 2026: कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली स्टेनो ग्रेड सी एंड डी कंप्यूटर आधारित परीक्षा को लेकर दरभंगा प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा लागू की है।
जिला दण्डाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार के आदेशानुसार अनुमण्डल दण्डाधिकारी सदर कुमार गौरव ने आदेश जारी किया है। कर्मचारी चयन आयोग की यह परीक्षा 09, 10, 11, 12 एवं 13 सितंबर 2026 को आयोजित कराई जाएगी।
दरभंगा शहरी क्षेत्र स्थित Aadarsh Pariksha Kendra Darbhanga, Bihar School Examination Board Regional Office, Naka No-06, Zila School Campus को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा के स्वच्छ, शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा की तिथियों में परीक्षा केंद्र के आसपास 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।
आदेश के तहत परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में शांति भंग करने के उद्देश्य से पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा आग्नेयास्त्र या अन्य घातक हथियार तथा विस्फोटक आदि लेकर चलने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन द्वारा सुबह 07:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग एवं उपयोग को भी निषिद्ध किया गया है।
परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों और परीक्षा से संबंधित अन्य सभी व्यक्तियों के लिए मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, व्हाइटनर, इरेज़र, ब्लेड, सेल्युलर फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इसका उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं आरक्षी, परीक्षा संचालन कार्य में नियुक्त सैन्य बल के कर्मचारी, सरकारी अथवा प्रशासन द्वारा निर्गत पासधारी, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस तथा शादी-विवाह के कार्यक्रम में शामिल व्यक्तियों के मामले में यह आदेश शिथिल रहेगा।
🔴 मुख्य बातें
- स्टेनो ग्रेड सी एंड डी कंप्यूटर आधारित परीक्षा 9 से 13 सितंबर तक होगी।
- दरभंगा के जिला स्कूल कैंपस स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर परीक्षा आयोजित होगी।
- परीक्षा केंद्र के आसपास 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू।
- पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी।
- आग्नेयास्त्र, घातक हथियार और विस्फोटक लेकर चलने पर प्रतिबंध।
- सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग पर रोक।
- परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित।
- उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केवल सच की बात
© 2026 RxTv BHARAT | Bihar National Trusted News Network






