सलाह : स्वस्थ जीवनशैली अपनायें. रोजाना कम से कम 30 से 45 मिनट व्यायाम करें
पूर्णिया. एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया (एपीआइ) बिहार चैप्टर ने विश्व मोटापा दिवस के अवसर पर लोगों को बढ़ते मोटापे के खतरे के प्रति जागरूक किया. संस्था के चेयरमैन डॉ. आर. के. मोदी और सचिव डॉ. धर्मेंद्र के. सिंह ने कहा कि मोटापा अब केवल सौंदर्य से जुड़ी समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर और दीर्घकालिक बीमारी बन चुकी है. उन्होंने बताया कि भारत में करोड़ों लोग मोटापे से प्रभावित हैं और चिंता की बात यह है कि बच्चों और युवाओं में इसकी दर तेजी से बढ़ रही है. मोटापा मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, फैटी लिवर और कई प्रकार के कैंसर जैसी बीमारियों का प्रमुख कारण बन रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, असंतुलित आहार, फास्ट फूड और मीठे पेय पदार्थों का अधिक सेवन, शारीरिक गतिविधियों की कमी, लंबे समय तक मोबाइल और टीवी का उपयोग तथा तनाव मोटापे के मुख्य कारण हैं. डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनायें. रोजाना कम से कम 30 से 45 मिनट व्यायाम करें, हरी सब्जियां और फल अधिक मात्रा में लें, जंक फूड और मीठे पेय से दूरी बनायें तथा पर्याप्त नींद लें. डॉ. आर. के. मोदी ने कहा कि मोटापा एक बीमारी है, लेकिन इसे रोका जा सकता है. आज अपनायी गयी स्वस्थ आदतें भविष्य की गंभीर बीमारियों से बचा सकती हैं.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!The post डॉक्टरों की चेतावनी: बिहार में मोटापा बना ‘साइलेंट किलर’ appeared first on Prabhat Khabar.





