उद्योग विभाग की योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण को लेकर विशेष कैम्प का आयोजन
दरभंगा | 06 फरवरी 2026
- पीएमईजीपी, पीएमएफएमई व पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभुकों को मिला ऋण
- कुल 20 लाभुकों के बीच 97.60 लाख रुपये की ऋण स्वीकृति
- डीडीसी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ विशेष ऋण कैम्प
RxTv BHARAT :
समाहरणालय स्थित डॉ. बी. आर. अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, दरभंगा श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण हेतु विशेष कैम्प का आयोजन किया गया।
कैम्प का शुभारंभ उप विकास आयुक्त दरभंगा श्री स्वप्निल, सहायक उद्योग निदेशक श्री प्रणय कश्यप, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र दरभंगा श्रीमती सुरुचि कुमारी, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री विकास कुमार एवं वरीय उप समाहर्ता सुश्री प्रियंका कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कैम्प के दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण आवेदनों की स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई तथा संबंधित लाभुकों को ऋण स्वीकृति एवं भुगतान पत्र वितरित किए गए।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 03 लाभुकों के बीच 19.00 लाख रुपये, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत 13 लाभुकों के बीच 74.60 लाख रुपये एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 04 लाभुकों के बीच 04.00 लाख रुपये की ऋण स्वीकृति विभिन्न बैंकों द्वारा प्रदान की गई।
उप विकास आयुक्त ने उपस्थित लाभुकों से उनकी प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें प्रेरित एवं उत्साहित किया। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि नए उद्योगों की स्थापना एवं रोजगार सृजन बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण घटक है।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की सफलता के लिए बैंकर्स का भावी उद्यमियों के साथ सकारात्मक एवं सहयोगात्मक व्यवहार अत्यंत आवश्यक है।
महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र द्वारा सभी बैंकर्स से अनुरोध किया गया कि ऋण स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए फरवरी माह के अंत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि मार्च 2026 में पुनः इसी प्रकार का ऋण वितरण कैम्प आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक उद्योग निदेशक, बिहार पटना, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), वरीय उप समाहर्ता बैंकिंग, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के वरीय पदाधिकारी/प्रतिनिधि एवं उद्योग विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Author : RxTv BHARAT News Desk
Darbhanga Industry News, PMEGP Loan Camp, PMFME Scheme, PM Vishwakarma Yojana, Bihar Employment News
#Darbhanga #IndustryDepartment #LoanCamp #PMEGP #PMFME #PMVishwakarma #RxTvBHARAT #BiharNews




