समृद्धि यात्रा के दौरान मधेपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
जीविका दीदियों के स्टॉल का किया अवलोकन, 176 करोड़ की सहायता राशि वितरित
RxTv BHARAT | मधेपुरा, 10 मार्च 2026
● पुलिस लाइन में जीविका दीदियों के स्टॉल का किया निरीक्षण
● 15748 स्वयं सहायता समूहों के लिए 176 करोड़ रुपये की सहायता
● सतत जीविकोपार्जन योजना के 472 लाभार्थियों को सांकेतिक चेक
● स्वरोजगार गतिविधियों की मुख्यमंत्री ने की सराहना
मधेपुरा। समृद्धि यात्रा के क्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को मधेपुरा जिला स्थित पुलिस लाइन परिसर में जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका समूहों द्वारा संचालित स्वरोजगार गतिविधियों की सराहना करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को राज्य के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
मुख्यमंत्री ने स्टॉल पर मौजूद जीविका दीदियों से बातचीत कर उनके कार्यों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत मंच मिला है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 15748 स्वयं सहायता समूहों में वितरण हेतु 176 करोड़ रुपये की सहायता राशि का वितरण किया। इसके साथ ही सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 472 लाभार्थियों को 2 करोड़ 60 लाख 96 हजार रुपये का सांकेतिक चेक जीविका दीदियों को प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार ऐसी योजनाओं को बढ़ावा दे रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके। जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।




