रामनवमी को लेकर डीएम-एसएसपी की समीक्षा बैठक

रामनवमी को लेकर डीएम-एसएसपी की समीक्षा बैठक

रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था की समीक्षा

बिना लाइसेंस जुलूस पर रोक, डीजे बजाने पर होगी जब्ती की कार्रवाई

दरभंगा, 09 मार्च 2026: आगामी रामनवमी पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

रामनवमी को लेकर डीएम-एसएसपी की समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को संभावित उपद्रवियों के विरुद्ध बाउंड डाउन कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के मार्गों को चिन्हित कर उनका सत्यापन कराने तथा संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना लाइसेंस कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा और जुलूस में डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि किसी जुलूस में डीजे का प्रयोग पाया गया तो उसे तुरंत जब्त कर थाने में रखा जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने कहा कि रामनवमी के दौरान सभी अधिकारी सतर्क और सक्रिय रहेंगे तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि वर्तमान में रमजान का महीना चल रहा है, जिससे शहर में भीड़ अधिक रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक (यातायात) को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि रामनवमी को लेकर जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध है। संवेदनशील स्थानों पर सशस्त्र पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा अधिकारियों को प्रतिदिन बाउंड डाउन कार्रवाई की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने का निर्देश दिया। साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए विभिन्न स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे।

उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि अखाड़ा समितियों के सदस्यों के साथ कम-से-कम तीन बार बैठक आयोजित कर समन्वय बनाए रखें तथा आवश्यकतानुसार अखाड़ा स्थलों के पास पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें।

साथ ही जुलूस में अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थलों पर पूर्व से निगरानी रखी जाएगी तथा आम लोगों को जागरूक करने के लिए माइकिंग भी कराई जाएगी।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी, मंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


RxTv BHARAT | दरभंगा

शेयर करे...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!