राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर क्लेम केस के निपटारे पर विशेष बैठक
अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन पर दिया जोर
RxTv BHARAT , दरभंगा, 09 मार्च 2026: आगामी शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय प्रमोद कुमार पंकज और एक्साइज कोर्ट के विशेष न्यायाधीश रविशंकर कुमार ने संबंधित अधिवक्ताओं के साथ विशेष बैठक की।
बैठक के दौरान प्रधान न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं से कहा कि शुक्रवार तक निपटारे के लिए चयनित मुकदमों को पूरी तरह तैयार कर लिया जाए, ताकि लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियों के अधिकारियों और दावा कर्ताओं के बीच अंतिम स्तर पर बातचीत कराने का प्रयास किया जाए, जिससे आपसी सहमति से मामलों का शीघ्र निपटारा संभव हो सके।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि सभी हितधारकों का एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मुकदमों का निष्पादन हो और लोगों को त्वरित न्याय मिल सके।
इस अवसर पर एक्साइज कोर्ट के विशेष न्यायाधीश रविशंकर कुमार ने भी अधिवक्ताओं के साथ चयनित मुकदमों पर समीक्षा करते हुए कहा कि पिछले लोक अदालतों की तुलना में बेहतर परिणाम के लिए प्री काउंसलिंग बेहद आवश्यक है।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी सहित क्लेम केस से जुड़े अधिवक्तागण उपस्थित थे।
RxTv BHARAT | दरभंगा




