- 661 योजनाओं की समीक्षा, कई पर कार्य प्रगति पर
- 3218 चापाकल मरम्मत, नल–जल शिकायतों की गहन जांच
- अधिकारियों को पंचायत-वार निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई का निर्देश
RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा –
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दरभंगा में आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन विभाग के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में संचालित योजनाओं की वास्तविक स्थिति, समस्या और प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बोरिंग फेल, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने, सड़क निर्माण के कारण जलापूर्ति पर असर, जल मीनारों की तकनीकी परेशानी जैसे मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब लिया। जिले में स्वीकृत 661 योजनाओं में निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदक चयन की जानकारी पेश की गई।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय है। उन्हाेंने चेतावनी दी कि गर्मी के मौसम में किसी भी गांव या टोले में पेयजल संकट हुआ तो कनीय अभियंता को जवाबदेह माना जाएगा।

वित्तीय वर्ष की चापाकल योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि मार्च 2025 से अब तक 3218 चापाकलों की मरम्मत कराई जा चुकी है। “हर घर नल का जल” योजना के तहत मिली शिकायतों को लेकर भी पंचायत-वार बारीकी से मूल्यांकन किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी कनीय अभियंताओं एवं संवेदकों को प्रतिदिन कम से कम एक पंचायत का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने, पम्प ऑपरेटरों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने तथा हर पंचायत का व्हाट्सएप समूह बनाकर निगरानी तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने साफ कहा कि प्रत्येक पंचायत में पर्याप्त संख्या में कर्मी प्रतिनियुक्त किए जाएँ ताकि आने वाले समय में जलापूर्ति में कोई बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही रिचार्ज की कमी से जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए PHED अभियंता आवश्यक कदम उठाएँ।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की बाधा या गड़बड़ी की स्थिति में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी से समन्वय कर तुरंत कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज की जाए। उन्होंने सभी अभियंताओं को सक्रिय रहकर तेज गति से कार्य निष्पादन का निर्देश दिया ताकि जनता को भविष्य में पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, पीएचईडी विभाग के कनीय एवं सहायक अभियंता तथा संवेदक उपस्थित रहे।
लोक स्वास्थ्य समीक्षा , पेयजल उपलब्धता , दरभंगा अपडेट , PHED निरीक्षण , सरकारी योजनाएँ , जलापूर्ति समस्या
विकास समीक्षा बैठक जिलाधिकारी दरभंगा
#Breaking #PHEDReview
#DarbhangaNews #NalJalYojana
#BiharUpdates #WaterSupply
#DistrictAdministration #OfficialMeeting





