आयुक्त ने योजनाओं की कसी नकेल गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा पर सख्त निर्देश

आयुक्त ने योजनाओं की कसी नकेल
गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा पर सख्त निर्देश
- पंचायत सरकार भवन समय पर पूरा करने का आदेश
- सीएम क्षेत्र विकास व सांसद योजना की गहन समीक्षा
- युवा व छात्र योजनाओं के प्रचार पर जोर
RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा — दरभंगा प्रमंडल में विकास योजनाओं की रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर अब कोई ढिलाई नहीं चलेगी। आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में प्रमंडलीय सभागार, दरभंगा में योजना एवं विकास विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों के वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने सबसे पहले अभियंताओं और जिला योजना पदाधिकारियों से परिचय लेते हुए अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
योजनावार समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत भवनों का निर्माण तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कब्रिस्तान घेराबंदी एवं मंदिर चाहरदिवारी योजना की समीक्षा में आयुक्त ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और जन-भावनाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। वहीं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना और सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं को पारदर्शिता के साथ स्थानीय जरूरतों के अनुरूप लागू करने पर बल दिया गया।
सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम की समीक्षा में सीमावर्ती इलाकों में आधारभूत संरचना को प्राथमिकता देने की बात कही गई। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत स्वयं सहायता भत्ता योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर लाभ देने का निर्देश दिया गया।
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और कुशल युवा कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कहा कि युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने वाली इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा लाभ उठा सकें।
बैठक के अंत में आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और आम लोगों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डीआरसीसी भवन में सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए तथा तीनों जिलों के डीआरसीसी का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।
9472867520
विकास योजनाएं, दरभंगा प्रमंडल, पंचायत सरकार भवन, सात निश्चय योजना
#DarbhangaNews #DevelopmentReview #PanchayatBhawan #SevenNischay #BiharNews


