पीडीएस लाइसेंस चयन में बड़ा फैसला

पीडीएस लाइसेंस चयन में बड़ा फैसला
पीडीएस लाइसेंस चयन में बड़ा फैसला
15 से 22 जनवरी तक होगी कंप्यूटर ज्ञान जांच, 5 मिनट का इंग्लिश टाइपिंग टेस्ट
  • नई पीडीएस दुकान अनुज्ञप्ति हेतु कंप्यूटर परीक्षा अनिवार्य
  • पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी, पारदर्शिता पर जोर
  • अनुमंडल कार्यालय सदर दरभंगा में होगी जांच परीक्षा
RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा

जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने जानकारी दी कि जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेताओं की नई अनुज्ञप्ति निर्गत करने के संबंध में 22 दिसंबर 2025 को जिला चयन समिति की बैठक में लिए गए सर्वसम्मत निर्णय के आलोक में सभी पात्र आवेदकों के लिए कंप्यूटर ज्ञान की जांच परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 15 जनवरी से 22 जनवरी 2026 तक संचालित होगी।

पीडीएस लाइसेंस चयन में बड़ा फैसला

डीएम ने बताया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, दरभंगा एवं सहायक नोडल आईटी कोषांग से समन्वय स्थापित कर कंप्यूटर ज्ञान की जांच की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। जांच के अंतर्गत कंप्यूटर के माध्यम से 05 मिनट का अंग्रेजी टाइपिंग टेस्ट लिया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी तथा प्रत्येक आवेदक के समक्ष परीक्षा आयोजित की जाएगी। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। अनुमंडल कार्यालय, सदर दरभंगा (लहेरियासराय) को परीक्षा स्थल के रूप में चयनित किया गया है, जहां सभी आवेदकों की कंप्यूटर टाइपिंग जांच होगी।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी पत्र के माध्यम से आवेदकों को समय पर सूचना देंगे तथा इसकी पावती संधारित करेंगे। जिन आवेदकों का आवेदन रिक्ति क्षेत्र से भिन्न है अथवा जो अयोग्य पाए गए हैं, उन्हें कंप्यूटर जांच हेतु आमंत्रित नहीं किया जाएगा।

डीएम ने बताया कि परिमाण-प्रपत्र दो प्रतियों में मुद्रित कराया जाएगा, जिस पर आवेदक, संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी का हस्ताक्षर रहेगा। इसकी एक प्रति आवेदक को दी जाएगी तथा दूसरी प्रति कार्यालय अभिलेख के रूप में सुरक्षित रखी जाएगी।

कार्यक्रम के अनुसार 15 जनवरी को बेनीपुर प्रखंड के रमौली, नवादा, मकरमपुर, जरिसो, पोहद्दी पश्चिमी, महिनाम तथा अलीनगर प्रखंड के अधलोआम एवं हरियठ पंचायत के आवेदकों की जांच होगी।

16 जनवरी को किरतपुर, घनश्यामपुर, गौड़ाबौराम, बिरौल एवं कुशेश्वरस्थान प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के आवेदकों की जांच आयोजित की जाएगी। 17 जनवरी को बिरौल, कुशेश्वरस्थान एवं कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के चयनित पंचायतों के आवेदकों की परीक्षा होगी।

18 जनवरी को दरभंगा शहरी क्षेत्र, जाले नगर क्षेत्र, नगर पंचायत बहेड़ी, कमतौल, भड़वाड़ा एवं सिंहवाड़ा के चयनित वार्डों के आवेदकों की कंप्यूटर ज्ञान जांच परीक्षा होगी।

19 जनवरी को नगर पंचायत हायाघाट, जाले प्रखंड, दरभंगा सदर एवं तारडीह प्रखंड के चयनित पंचायतों के आवेदकों की जांच होगी। 20 जनवरी को मनीगाछी, हनुमाननगर एवं केवटी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के आवेदकों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

21 जनवरी को बहेड़ी, बहादुरपुर एवं सिंहवाड़ा प्रखंड के चयनित पंचायतों के आवेदकों की जांच होगी, जबकि 22 जनवरी 2026 को सिंहवाड़ा प्रखंड के सनहपुर पंचायत के आवेदकों की कंप्यूटर ज्ञान की अंतिम जांच परीक्षा आयोजित की जाएगी।

सूचना, मदद व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें – 9472867520
पीडीएस लाइसेंस, कंप्यूटर ज्ञान जांच, दरभंगा डीएम, जन वितरण प्रणाली, टाइपिंग टेस्ट, खाद्य आपूर्ति, बिहार प्रशासन
#Darbhanga #PDSLicense #ComputerTest #DMOrder #FoodSupply #BiharAdministration #RxTvBharat
शेयर करे...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!