भभुआ सदर. शहर में इन दिनों पुलिस के सुस्त कार्यशैली और गश्ती में बरती जा रही लापरवाही से चोरों के पौ बारह हो गये हैं, जबकि कभी वाहन, तो कभी घरों व दुकानों में हो रही लगातार चोरी से आमजन त्रस्त हैं. बुधवार की रात भी चोरों ने आजाद नगर वार्ड दो में स्थित लोहे का ग्रिल, गेट बनाने वाली एक दुकान में घुसकर पांच हजार नकद रुपये सहित अन्य जरूरी कागजात व सामान की चोरी कर ली. मामले में पीड़ित दुकानदार वार्ड एक निवासी विनोद शर्मा ने नगर थाने में आवेदन देकर बताया कि वह बुधवार को देर शाम सात बजे अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था. गुरुवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुचा और दुकान खोला, तो भौचक्का रह गया. उसकी दुकान में चोरों ने पीछे से करकट व दीवार को क्षतिग्रस्त कर अंदर घुस आये थे और अंदर आकर उनके द्वारा गल्ले में रखा पांच हजार रुपये और बाइक के कागजात, बैंक पासबुक व पैन कार्ड आदि सहित कई सामान चोरी कर ली गयी. मामले में पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगायी है. इधर, नगर थाने की पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है.
The post ग्रिल बनाने वाली दुकान से रुपये व सामान की चोरी appeared first on Prabhat Khabar.




