थाना परिसर में भी सुरक्षित नहीं वाहन, पकड़े गये इ-रिक्शा की बैटरी ले उड़े चोर

थाना परिसर में भी सुरक्षित नहीं वाहन, पकड़े गये इ-रिक्शा की बैटरी ले उड़े चोर

रोजगार के लिए महिला ने खरीदा था वाहन, सीसीटीवी कैमरों की जद से बाहर रहा घटना स्थल थाने से चोरी की घटना ने पुलिसिया सुरक्षा के दावों की खोली पोल भभुआ सदर. एक तो पहले ही शातिर वाहन चोरों से शहर सुरक्षित नहीं रह गया है, ऊपर से अब अति सुरक्षित माने जानेवाले थाना परिसर पर भी चोरों की नजर लग गयी है, तभी तो बुधवार को वाहन चेकिंग के दौरान बगैर कागजात के पकड़े गये एक इ-रिक्शा का बैटरी खोल चोर आसानी से ले उड़े. गुरुवार सुबह जब इ-रिक्शा की मालकिन वाहन छुड़ाने भभुआ थाने पहुंची, तो देखा कि पकड़े गये उनके इ-रिक्शा का बैटरी गायब है. मामले में इ-रिक्शा मालकिन शहर के वार्ड 16 निवासी जसीम राइन की पत्नी खुशबू नेशा ने बताया कि उन्होंने हाल फिलहाल ही रोजगार के लिए इ-रिक्शा खरीदा है, जिसके कागजात भी अभी तक एजेंसी संचालक ने नहीं दिये हैं. बुधवार दोपहर थाना के समीप वाहन चेकिंग में उनका इ-रिक्शा प्रशासन पकड़ लिया गया था और उसे थाना परिसर में ही स्थित एसडीपीओ कार्यालय के सामने खड़ा कराया गया था. गुरुवार सुबह जब वह जिस एजेंसी से इ-रिक्शा को खरीदा गया था उसके संचालक को लेकर वह लोग गाड़ी छुड़ाने नगर थाना पहुंचे, तो देखा गया कि उनके पकड़े गये नये इ-रिक्शा का सिंगल ड्राई सेल बैटरी खोल लिया गया है. महिला ने खोले गये बैटरी की कीमत 60 से 70 हजार रुपये बताया है. इसके बाद उसने इसकी शिकायत नगर थाने में जाकर की और सीसीटीवी फुटेज से बैटरी खोलने वाले शख्स की पहचान करने की गुहार लगायी गयी, तो बताया गया कि जहां उनका इ-रिक्शा खड़ा था वहां थाने का कैमरा नहीं लगा हुआ है. इसके बाद पीड़ित अनुमंडल पुलिस कार्यालय और साइबर थाना के लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखने पहुंची, लेकिन वहां भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ. इसके बाद सभी निराश होकर थाने लौट आये, जहां उनके द्वारा थाना परिसर से इ-रिक्शा की बैटरी चोरी जाने की शिकायत दर्ज करायी गयी है. साथ ही पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. हालांकि, पुलिस जांच पड़ताल भले ही करे, लेकिन सबसे गंभीर प्रश्न यह है कि जब अति सुरक्षित थाना परिसर से भी सामान चोरी हो जा रहा है, तो शहर में चोरी की स्थिति क्या होगी. शातिर चोरों पर आखिर पुलिस कैसे लगाम लगायेगी.

The post थाना परिसर में भी सुरक्षित नहीं वाहन, पकड़े गये इ-रिक्शा की बैटरी ले उड़े चोर appeared first on Prabhat Khabar.

शेयर करे...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!