मिथिला लोक उत्सव 2025–26 आयोजन की तैयारी तेज
■ सांस्कृतिक कार्यक्रम ऑडिटोरियम, खेलकूद पोलो मैदान में
■ स्थानीय व राष्ट्रीय कलाकार लेंगे भाग
RxTv BHARAT , दरभंगा, 19 फरवरी 2026:
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में मिथिला लोक उत्सव 2025–26 के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उत्सव की तिथि, स्थल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उत्सव का आयोजन 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 को चयनित स्थलों पर किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ ऑडिटोरियम, दरभंगा में तथा खेल एवं अन्य गतिविधियाँ नेहरू स्टेडियम, पोलो मैदान में आयोजित होंगी। लोक नृत्य, लोक गायन, नाटक, हास्य कार्यक्रम, हिंदी एवं मैथिली गीत, लोक गाथा सहित कई आकर्षक कार्यक्रम होंगे।
खेल प्रतियोगिताओं में नौकायन हराही पोखर तथा कबड्डी प्रतियोगिता पोलो मैदान में कराई जाएगी। उत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा उपयोगी स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने, मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने तथा सभी तैयारियाँ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह उत्सव मिथिला की लोक संस्कृति को नई पहचान देगा और इसे भव्य एवं यादगार बनाया जाएगा।




