बेटी की शादी के लिए पिता ने लगाई गुहार
दरभंगा में आर्थिक तंगी के बीच प्रशासन से मांगी गैस सिलेंडर की मदद
RxTv BHARAT | दरभंगा, 09 अप्रैल 2026
दरभंगा जिले में एक पिता ने अपनी बेटी की शादी को लेकर जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने शादी में भोजन व्यवस्था के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
👉 200 से अधिक मेहमानों के भोजन की तैयारी
👉 करीब 10 गैस सिलेंडर की जरूरत
👉 आर्थिक तंगी के कारण प्रशासन से मदद की अपील
सदर थाना क्षेत्र के खुटवारा गांव निवासी महिन्दर ठाकुर ने जिला अधिकारी को आवेदन देकर बताया है कि उनकी पुत्री कृष्णा कुमारी का विवाह 17 अप्रैल 2026 को निर्धारित है। इस अवसर पर करीब 200 से अधिक मेहमानों और बारातियों के भोजन की व्यवस्था करनी है।
उन्होंने बताया कि बारात गोबराही से उनके गांव खुटवारा आएगी और भोजन बनाने के लिए लगभग 10 गैस सिलेंडरों की आवश्यकता होगी। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण यह व्यवस्था कर पाना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है।
महिन्दर ठाकुर ने प्रशासन से निवेदन किया है कि इस शुभ अवसर पर उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में सहायता की जाए, ताकि वे अपनी बेटी की शादी अच्छे से संपन्न कर सकें। उन्होंने आवेदन के साथ शादी का निमंत्रण पत्र भी संलग्न किया है।
यह मामला समाज के उस पहलू को दर्शाता है, जहां आज भी कई परिवार अपनी बेटियों की शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को पूरा करने के लिए संघर्ष करते हैं और प्रशासन से मदद की उम्मीद रखते हैं। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस भावनात्मक अपील पर क्या निर्णय लेता है।



